LIVE UPDATE
Chhattisgarh

कलेक्ट्रेट में धरना, ‘दुर्व्यवहार’ के आरोप से गरमाया माहौल—फ्लाई ऐश ब्रिक्स व्यापारियों का प्रशासन पर सीधा सवाल

कारोबारियों से अपर कलेक्टर की तीखी नोकझोंक, कलेक्ट्रेट में धरना—प्रशासनिक अधिकारी पर लगा दिया गंभीर आरोप

जांजगीर…फ्लाई ऐश ब्रिक्स कारोबारियों ने अपनी मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में धरना देकर प्रशासन के खिलाफ खुला मोर्चा खोल दिया। व्यापारी ज्ञापन सौंपने पहुंचे थे, लेकिन बात बिगड़ गई और विरोध कलेक्ट्रेट के भीतर ही धरने में बदल गया।

कारोबारियों का कहना है कि क्षेत्र में लाल ईंट का अवैध निर्माण धड़ल्ले से चल रहा है, जिससे पर्यावरण मानकों का उल्लंघन हो रहा है और वैध फ्लाई ऐश ब्रिक्स उद्योग प्रभावित हो रहे हैं। इस पर रोक लगाने की मांग को लेकर वे प्रशासन से मिलने पहुंचे थे।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि अपर कलेक्टर ने उनसे दुर्व्यवहार किया और उनकी बात गंभीरता से नहीं सुनी। आरोप है कि बातचीत के दौरान उनका रवैया असंवेदनशील रहा, जिससे आक्रोश और बढ़ गया। इसके विरोध में व्यापारी कलेक्ट्रेट परिसर में ही जमीन पर बैठ गए और प्रशासनिक व्यवहार पर सवाल खड़े किए।

धरने के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में गहमागहमी बनी रही। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन व्यापारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। उनका स्पष्ट कहना है कि अवैध लाल ईंट निर्माण पर तत्काल कार्रवाई हो और प्रशासन उद्योगों के साथ सम्मानजनक संवाद कायम करे।

मामला अब केवल अवैध निर्माण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि प्रशासनिक कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर रहा है। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर ठोस कदम नहीं उठे तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close