सरकारी जमीन से बेजा कब्जा हटाने की कार्रवाई को दौरान तनाव,18 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

सूरजपुर।जिले के लटोरी तहसील अंतर्गत ग्राम सुंदरगंज में शासकीय जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को हटाने की कार्रवाई बुधवार, 18 फरवरी 2026 को की गई। खसरा नंबर 35, 255 और 552 की जमीन को खाली कराने के लिए ग्राम पंचायत सुंदरगंज के सरपंच और ग्राम समिति की पहल पर एसडीएम सूरजपुर, राजस्व विभाग और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में अभियान शुरू हुआ। सरपंच और ग्राम समिति ने गांव की शासकीय जमीन को मुक्त कराने के लिए प्रशासन के साथ मिलकर कदम बढ़ाया।
लेकिन कार्रवाई के दौरान कुछ अतिक्रमण करने वाले ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। सरपंच और ग्राम समिति के सदस्यों के साथ झूमा-झटकी की गई और माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। इसी बीच जेसीबी मशीन पर पथराव किया गया। पत्थरबाजी के कारण जेसीबी को पीछे हटना पड़ा और रास्ते में खड़ी पुलिस की गाड़ी भी पत्थरों की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई। विवाद और धक्का-मुक्की में चार लोगों को चोट भी आई।
शासकीय जमीन पर कब्जा किए हुए लोग आक्रोश में थे। स्थिति बिगड़ सकती थी, लेकिन जिला प्रशासन और पुलिस ने धैर्य और समझदारी से हालात संभाले। पुलिस एक मजबूत दीवार की तरह खड़ी रही और कानून-व्यवस्था बनाए रखी। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद रहकर पूरी कार्रवाई पर नजर रखी और हालात को काबू में किया।
इधर लटोरी तहसीलदार सुरेन्द्र कुमार पैंकरा की रिपोर्ट पर चौकी लटोरी थाना जयनगर में 18 लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाने के आरोप में अपराध क्रमांक 50/26 दर्ज किया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
इस घटना ने यह तो बतला दिया कि ग्राम पंचायत, जिला प्रशासन और जिला पुलिस जनहित की जमीन की रक्षा के लिए एकजुट हैं। शासकीय संपत्ति गांव की अमानत है, और उसकी सुरक्षा के लिए प्रशासन हर हाल में खड़ा रहेगा।





