LIVE UPDATE
Bilaspur

जेल के भीतर सनसनी: आजीवन कारावासी ने गला काटने की कोशिश, सुरक्षा पर बड़े सवाल

कैदी ने हंसिया से गला काटने की कोशिश, हालत गंभीर

बिलासपुर…शहर की केंद्रीय जेल के भीतर उस वक्त हड़कंप मच गया जब किचन में काम कर रहे एक सजायाफ्ता कैदी ने सब्जी काटने के हंसिया से अपना गला काटने की कोशिश कर ली। गंभीर हालत में उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना बिलासपुर सेंट्रल जेल की है। पेंड्रा निवासी विकास कश्यप हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा है। वर्ष 2024 में अदालत ने उसे दोषी ठहराया था। फिलहाल जेल प्रशासन उससे किचन में भोजन तैयार करने का काम ले रहा था।

काम के दौरान उठाया खौफनाक कदम

बताया जा रहा है कि विकास अपने बैरक से किचन पहुंचा और अन्य कैदियों के साथ भोजन बनाने में जुटा था। इसी दौरान उसने अचानक हंसिया उठाया और अपने गले पर वार कर लिया। पास में मौजूद कैदियों ने उसे तड़पता देखा तो तुरंत संभाला और जेल अधिकारियों को सूचना दी।

अधिकारियों में मची हलचल

सूचना मिलते ही जेल अधीक्षक, जेलर और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। जेल एंबुलेंस से उसे तत्काल सिम्स अस्पताल बिलासपुर ले जाया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है। गले में गहरी चोट के कारण वह फिलहाल बोलने की स्थिति में नहीं है।

मानसिक स्थिति पर सवाल

प्राथमिक जानकारी के अनुसार कैदी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही। हालांकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। होश में आने के बाद ही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

जेल जैसी उच्च सुरक्षा व्यवस्था के भीतर हुई इस घटना ने सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब नजर इस बात पर है कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और प्रशासन भविष्य में ऐसे घटनाक्रम रोकने के लिए क्या कदम उठाता है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close