सड़क को बनाया अपराध का अखाड़ा… ड्राइवर से मारपीट कर लूट— गिरफ़्तारी से टूटी गिरोह की कमर
ट्रक ड्राइवर से मारपीट कर लूट की वारदात, तीन आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर… ट्रक ड्राइवर से मारपीट कर लूटपाट करने वाले गिरोह को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की और वारदात से जुड़े तथ्यों की तस्दीक की।
पुलिस के अनुसार अपराध क्रमांक 64/2025 में धारा 309(4), 238 बीएनएस और 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज हुआ। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों—रवि दिवाकर , सूरज साहू और प्रदीप धुरी को गिरफ्तार किया।
शिकायत से खुला मामला
1 मार्च 2025 को पेण्ड्रीडीह चौक के पास एक ट्रक चालक ने मारपीट कर लूट की शिकायत दर्ज कराई। रिपोर्ट मिलते ही पुलिस ने प्रकरण कायम कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान सामने आया कि आरोपियों ने चालक को रोककर उसके साथ मारपीट की और सामान लूट लिया।
रिमांड, पूछताछ और न्यायिक हिरासत
महत्वपूर्ण सुराग मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर न्यायालय में पेश किया। पूछताछ के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। 18 फरवरी 2026 को सभी आरोपियों को जेल दाखिल कर दिया गया।
गिरोह की भूमिका की जांच जारी
पुलिस अब यह भी खंगाल रही है कि क्या यह गिरोह पहले भी इसी तरह की वारदातों में शामिल रहा है। आसपास के क्षेत्रों में ट्रक चालकों से हुई अन्य घटनाओं की भी पड़ताल की जा रही है।





