बंद कमरे में पति की हैवानियत.. ताबड़ तोड़ किया चापड़ से वार: पत्नी समेत मां-बहन पर खूनी हमला
घरेलू विवाद बना खूनी संघर्ष: पति ने पत्नी पर चापड़ से हमला किया, मां-बहन लहूलुहान

कोरबा…शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में वैष्णोदेवी मंदिर के पास घरेलू विवाद ने हिंसक मोड़ ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद एक युवक ने अपनी ही पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। पत्नी को बचाने पहुंचीं आरोपी की मां और बहन भी हमले की चपेट में आ गईं। तीनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में उनका इलाज जारी है।
कमरे में बंद कर किया हमला
पुलिस के मुताबिक, आरोपी रामेश्वर साहू का अपनी पत्नी सुकृता साहू से विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के बाद उसने पत्नी को कमरे में बंद कर चापड़ से हमला करना शुरू कर दिया। महिला की चीखें सुनकर घर में मौजूद उसकी सास सांवन् साहू और ननद निर्मला साहू दरवाजा खुलवाने पहुंचीं।
दरवाजा खुलते ही आरोपी ने उन पर भी ताबड़तोड़ वार कर दिया। घटना से आसपास के लोग दहशत में आ गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 और पुलिस को सूचना दी।
तीनों की हालत गंभीर, पत्नी नाजुक
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तीनों घायल महिलाओं को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार पत्नी सुकृता की हालत सबसे ज्यादा गंभीर बताई जा रही है।
पहले भी जा चुका है जेल
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी पहले भी पत्नी की शिकायत पर जेल जा चुका था। बाद में दोनों के बीच समझौता हुआ और वे साथ रहने लगे थे, लेकिन आपसी तनाव फिर से हिंसा में बदल गया।
जांच जारी, सख्त कार्रवाई के संकेत
कोतवाली पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पारिवारिक विवाद की पृष्ठभूमि और पूर्व शिकायतों की भी जांच की जाएगी।





