LIVE UPDATE
Chhattisgarh

लापरवाही का लाइसेंस: निगम-पंचायत की आंखों के सामने गिरा आकाश झूला, एक युवती जिंदगी-मौत के बीच

मेले की रौनक में सिस्टम की चूक: आकाश झूला गिरा, मासूम लापरवाही की भेंट

जांजगीर-चांपा..शिवरीनारायण में आयोजित प्रसिद्ध मेले की चकाचौंध उस वक्त मातम में बदल गई, जब नगर पंचायत कार्यालय के ठीक सामने लगा आकाश झूला अचानक टूटकर नीचे आ गिरा। हादसे में दो युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनमें एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। यह घटना न सिर्फ एक तकनीकी विफलता है, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही की खुली तस्वीर भी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शाम करीब चार बजे मेला अपने चरम पर था। इसी दौरान झूले का एक भारी हिस्सा तेज आवाज के साथ नीचे गिर पड़ा। झूले के नीचे खड़ी दो युवतियां संभल पातीं, उससे पहले ही उसकी चपेट में आ गईं। कुछ ही सेकंड में चीख-पुकार मच गई और मेला परिसर में अफरा-तफरी फैल गई।

स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और तत्काल शबरी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, एक युवती की हालत बेहद गंभीर है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर रेफर किया गया है।

घटना ने मेले में मौजूद सुरक्षा व्यवस्था और अनुमति प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नगर पंचायत कार्यालय के सामने लगे झूले का हादसे का शिकार होना इस बात की ओर इशारा करता है कि जांच और निगरानी केवल कागजों तक सीमित रही। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि झूलों की तकनीकी जांच औपचारिकता बन चुकी है और ठेकेदारों को खुली छूट दी जा रही है।

हैरानी की बात यह है कि मेले में ‘मौत का कुआं’ और अन्य जोखिम भरे मनोरंजन साधन भी बिना ठोस सुरक्षा इंतजामों के संचालित किए जा रहे हैं। सवाल यह है कि हादसे से पहले जिम्मेदारों की नजर कहां थी और अब जवाबदेही किसकी तय होगी?

फिलहाल हादसे के बाद मेला परिसर में दहशत का माहौल है। लोग दोषियों पर सख्त कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं। यह हादसा एक बार फिर साबित करता है कि जब मनोरंजन पर मुनाफा हावी हो जाए और प्रशासन आंखें मूंद ले, तो उसकी कीमत आम लोगों को अपनी जान और सेहत से चुकानी पड़ती है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close