LIVE UPDATE
Chhattisgarh

वर्दी पर लगा दाग, सलाखों में जन्मा बचपन: चोरी के सोने की कीमत मासूम ने चुकाई

वर्दी ने लूटा सोना, जेल में जन्मा मासूम: मां की सजा, बच्चे का अपराध क्या?

दुर्ग…जिले से सामने आया यह मामला सिर्फ एक पुलिसकर्मी की गिरफ्तारी नहीं, बल्कि उस सिस्टम पर सवाल है जो कानून की रखवाली के नाम पर भरोसा मांगता है। चोरी के सोने की जांच की जिम्मेदारी जिस महिला हेड कांस्टेबल को सौंपी गई थी, वही सोना हड़पने की आरोपी बन गई। अब वही महिला सलाखों के पीछे है—और जेल की चारदीवारी के भीतर उसने एक बच्चे को जन्म दिया है।

मामला भिलाई नगर के सिंधिया नगर क्षेत्र का है। जुलाई 2022 में सोनाली द्विवेदी के घर से सोने के गहनों की चोरी हुई थी। मोहन नगर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच महिला हेड कांस्टेबल मोनिका गुप्ता को सौंपी। जांच के दौरान जून 2023 में आरोपी पीतांबर राव की गिरफ्तारी हुई और उसके पास से करीब 79 ग्राम सोना बरामद किया गया।

नियमों के मुताबिक जब्त सोना थाने के मालखाने में जमा होना था, लेकिन आरोप है कि यह कभी वहां पहुंचा ही नहीं। पीड़िता ने जब कोर्ट के जरिए अपने गहने वापस पाने की कोशिश की और थाने पहुंची, तब जाकर यह खुलासा हुआ कि जब्त सोना रिकॉर्ड से गायब है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश के बावजूद गहने वापस नहीं किए गए। इसके बाद मार्च 2025 में मोनिका गुप्ता के खिलाफ अमानत में खयानत और साक्ष्य छिपाने की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई। मामला दर्ज होते ही वह फरार हो गई।

करीब एक साल बाद, 2 फरवरी 2026 को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा। गिरफ्तारी के वक्त वह नौ महीने की गर्भवती थी। जेल प्रशासन ने मानवीय आधार पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई।

 मोनिका ने एक बेटे को जन्म दिया।

कानून के मुताबिक यह नवजात अब अपनी मां के साथ जेल में ही रहेगा। अपराध मां ने किया, लेकिन सजा की परछाई एक ऐसे बच्चे पर भी पड़ गई, जिसने दुनिया में आंखें ही सलाखों के बीच खोलीं।

इस मामले ने पुलिस व्यवस्था, जवाबदेही और मानवीय संवेदनाओं—तीनों को कटघरे में खड़ा कर दिया है। वर्दी पर लगे इस दाग की कीमत क्या सिर्फ एक गिरफ्तारी है, या सिस्टम को भी इसका जवाब देना होगा—यह सवाल अब और तेज हो गया है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close