LIVE UPDATE
Chhattisgarh

पिता ने ही बुझा दिया बचपन का सूरज: छह साल के मासूम की हत्या से कांपा रायगढ़

जिसे गोद में होना था, वही कुएं में उतार दिया: पिता बना बेटे का हत्यारा

रायगढ़.. जिले से मानवता को सन्न कर देने वाली घटना सामने आई है। लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम जामढोंढी (भदरापारा) में पारिवारिक तनाव और घरेलू विवाद ने ऐसा भयावह मोड़ ले लिया कि एक पिता अपने ही छह वर्षीय बेटे का हत्यारा बन गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी विनोद माहेश्वरी का पत्नी से लंबे समय से विवाद चल रहा था। पारिवारिक बिखराव और मानसिक दबाव के बीच वह लगातार तनाव में था। इसी पृष्ठभूमि में यह दर्दनाक घटना घटित हुई, जिसमें मासूम हितेश माहेश्वरी की जान चली गई।

रविवार शाम पिता और पुत्र को साथ देखा गया था, इसके बाद दोनों घर से बाहर निकल गए। अगले दिन सुबह परिजनों को संदिग्ध हालात नजर आए, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया।

लैलूंगा पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

यह घटना सिर्फ एक आपराधिक मामला नहीं, बल्कि पारिवारिक कलह, मानसिक स्वास्थ्य और सामाजिक टूटन पर गंभीर सवाल खड़े करती है। गांव में शोक और सन्नाटा है, वहीं यह मामला एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करता है कि घरेलू तनाव जब अनदेखा किया जाता है, तो उसका अंजाम कितना भयावह हो सकता है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close