LIVE UPDATE
Bilaspur

बजट में विकास के दावे, शिक्षा से अमेरिका तक सवाल—भाजपा बोली: भारत विरोधी सोच से नहीं रुकेगा विकास

बजट के दावे..भाजपा प्रवक्ता बोले—भारत न बिकेगा, न झुकेगा; आलोचकों को बताया विकास-विरोधी

बिलासपुर…केंद्रीय बजट 2026 को लेकर भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता के.के. शर्मा ने सरकार के दावों का बचाव करते हुए कहा कि यह बजट किसान, युवा, महिला, व्यापारी और मध्यम वर्ग को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने इसे “विकसित भारत” की दिशा में निर्णायक कदम बताया, लेकिन प्रेस वार्ता के दौरान उठे सवालों ने बजट की प्राथमिकताओं को लेकर नई बहस छेड़ दी।

शिक्षा बजट पर मानक का सवाल

शिक्षा बजट को लेकर यूरेनो मानक से कम फंडिंग के सवाल पर के.के. शर्मा ने कहा कि सरकार शिक्षा के स्तर को तेजी से ऊपर उठाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार की तुलना में शिक्षा बजट में लगातार वृद्धि की गई है और आने वाले समय में भारत शिक्षा के अधिक विकसित स्वरूप की ओर बढ़ेगा।

साथ ही उन्होंने तीखे लहजे में कहा कि शिक्षा बजट को लेकर रोड़ा अटकाने वाले पहले अपने कार्यकाल के बजट को देखें। उनके मुताबिक, ऐसी सोच रखने वाले लोग भारत के विकास के विरोधी हैं।

घोषणाओं की भरमार, भरोसे की कसौटी

पांच नए विश्वविद्यालय, 2030 तक 20 लाख प्रशिक्षित युवा, पर्यटन क्षेत्र में 10 हजार रोजगार और महिलाओं के लिए स्व-सहायता उद्यमी बाजार—भाजपा ने इन्हें बजट की बड़ी उपलब्धियां बताया।
मगर सवाल यह भी उठा कि क्या पुराने वादों का पूरा हिसाब सार्वजनिक किया गया है, या नए दावे पुराने अधूरे लक्ष्यों पर परदा डाल रहे हैं?

किसानों के नाम योजनाएँ, ज़मीन पर चुनौती

पशुपालकों के लिए ऋण अनुदान, मत्स्य पालन के लिए तालाब और विशेष फसल योजनाओं का उल्लेख किया गया। लेकिन खेती की बढ़ती लागत, मौसम की अनिश्चितता और बाजार के जोखिम पर बजट में ठोस जवाब तलाशे जाते रहे।

इंफ्रास्ट्रक्चर, रेल और रक्षा: आंकड़े और असर

इंफ्रास्ट्रक्चर पर रिकॉर्ड खर्च, रेल बजट में ऐतिहासिक बढ़ोतरी और रक्षा क्षेत्र में घरेलू खरीद पर जोर—इन सबको सरकार ने अपनी उपलब्धि बताया।
विपक्ष की ओर से सवाल यह रहा कि क्या इन बढ़े हुए बजटों का सीधा असर आम नागरिक, यात्री और जवान तक समान रूप से पहुंच रहा है?

अमेरिका डील पर सख्त रुख

अमेरिका के साथ कथित डील को लेकर उठे सवालों पर के.के. शर्मा ने स्पष्ट कहा कि कृषि, टैरिफ या किसी भी रणनीतिक क्षेत्र में भारत के हितों से कोई समझौता नहीं किया गया है। उन्होंने दोहराया कि भारत किसी विदेशी दबाव में न पहले झुका है और न आगे झुकेगा।

विकास बनाम जवाबदेही

भाजपा जहां बजट को तेज़ विकास का रोडमैप बता रही है, वहीं आलोचक इसे आंकड़ों का खेल करार दे रहे हैं। सवाल अब सिर्फ़ बजट के आकार का नहीं, बल्कि उसकी पारदर्शिता, प्राथमिकताओं और ज़मीनी असर का है।

 

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close