LIVE UPDATE
india

RDX–IED की धमकी से हड़कंप, सिविल कोर्ट खाली कराया गया

पप्पू यादव की जमानत पर आज नहीं सुनवाई, कोर्ट को मिली बम धमकी

बिहार..पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। कोर्ट प्रशासन को ई-मेल के जरिए परिसर में विस्फोटक लगाए जाने की सूचना दी गई, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल पूरे सिविल कोर्ट परिसर को खाली कराना शुरू कर दिया।

धमकी भरे मेल में दावा किया गया कि कोर्ट परिसर में तीन आरडीएक्स आधारित आईईडी लगाए गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस, बम स्क्वॉड और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया।

इस घटनाक्रम का सीधा असर पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव से जुड़ी सुनवाई पर पड़ा। उनकी जमानत याचिका पर आज सिविल कोर्ट में सुनवाई होनी थी, लेकिन सुरक्षा कारणों से अदालत की कार्यवाही स्थगित कर दी गई। अब अगली सुनवाई तक पप्पू यादव बेऊर जेल में ही रहेंगे।

पुलिस सूत्रों के अनुसार पप्पू यादव को 31 वर्ष पुराने एक मामले में गिरफ्तार किया गया है, जिसमें उन पर किराये के मकान पर अवैध कब्जे का आरोप है। इसी प्रकरण में जमानत अर्जी पर आज सुनवाई प्रस्तावित थी।

गौरतलब है कि इसी दिन देश के अन्य हिस्सों में भी बम धमकी से जुड़ी घटनाएं सामने आई हैं। सुबह दिल्ली के कई बड़े स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जिसके बाद स्कूल खाली कराकर तलाशी ली गई। इसके अलावा संसद को भी धमकी भरा ई-मेल मिलने की सूचना सामने आई है।

लगातार मिल रही धमकियों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और ई-मेल के स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर टीमों को लगाया गया है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close