LIVE UPDATE
Bilaspur

1100 नशीली गोलियां और पिस्टल के साथ अंतर्राज्य नेटवर्क बेनकाब

मिनीबस्ती से भोपाल तक हथियार–नशे की कड़ी टूटी, दो आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर..शहर में अवैध नशे के कारोबार और हथियारों की सप्लाई पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सिविल लाइन पुलिस ने एक अंतर्राज्य नेटवर्क का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान मिनीबस्ती क्षेत्र से एक युवक को प्रतिबंधित नशीली गोलियों और हथियारों के साथ पकड़ा गया, जबकि दूसरे आरोपी को भोपाल से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, मिनीबस्ती इलाके में विशेष टीम द्वारा रेड और सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान स्वराज कुर्रे नामक युवक के कब्जे से लगभग 1100 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बरामद की गईं। तलाशी को आगे बढ़ाने पर उसके पास से एक ऑटोमेटिक पिस्टल, मैग्जीन और जिंदा कारतूस भी मिले। मौके पर ही सामग्री जप्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने हथियार की सप्लाई भोपाल निवासी धीरेंद्र सिंह तोमर द्वारा किए जाने की जानकारी दी। पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर सामने आया कि धीरेंद्र तोमर पूर्व में भी बिलासपुर जिले में हथियार सप्लाई से जुड़े मामलों में संदिग्ध रहा है और लंबे समय से फरार था।

मिली सूचना के आधार पर पुलिस की एक विशेष टीम भोपाल भेजी गई, जहां स्थानीय इनपुट के जरिए आरोपी को चिन्हित कर गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से एक पिस्टल और दो मैग्जीन बरामद की गईं। इसके बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। धीरेंद्र तोमर को पुलिस रिमांड पर लेकर उससे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चैन के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि इस मामले में केवल गिरफ्तारी तक सीमित न रहकर पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। गिरोह से जुड़े अन्य सप्लायरों और सहयोगियों की पहचान की जा रही है। साथ ही आरोपियों द्वारा अवैध गतिविधियों से अर्जित संपत्तियों की जानकारी जुटाई गई है, जिन पर आगे वैधानिक जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।

यह कार्रवाई नशे और हथियारों के आपसी गठजोड़ की ओर भी इशारा करती है, जिसे तोड़ने के लिए पुलिस की जांच अभी जारी है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close