LIVE UPDATE
Chhattisgarh

Janjgir Champa Police Encounter: पुलिस-बदमाश मुठभेड़,दो रातों में 13 लोगों का लहू बहाने वाला ‘रॉड गैंग’ गिरफ्तार, मास्टरमाइंड को लगी गोली

Janjgir Champa Police Encounter।जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ के शिवरीनारायण और पामगढ़ थाना क्षेत्रों में आतंक मचाने वाले खतरनाक लुटेरा गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है।

Janjgir Champa Police Encounter।27 और 29 जनवरी की दरम्यानी रात 5 अलग-अलग स्थानों पर खूनी खेल खेलने वाले इस गिरोह के 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस घेराबंदी के दौरान गिरोह के मास्टरमाइंड ने फायरिंग कर भागने की कोशिश की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी है।

​इस गिरोह की दरिंदगी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनके हमले में कुल 13 राहगीर घायल हुए हैं। गिरोह के सदस्य सुनसान रास्तों पर बाइक से निकलते थे और राह चलते लोगों को रोककर सीधे उनके सिर पर लोहे की रॉड या पाइप से वार करते थे।

ग्राम कचंदा निवासी मुकेश राय सागर और अमन बंजारे की हालत नाजुक बनी हुई है। दोनों बिलासपुर के प्राइवेट अस्पताल के ICU में भर्ती हैं, जिनमें से एक घायल कोमा में चला गया है।

दीपक कुमार कश्यप, प्रशांत कश्यप और अनिकेत राय सागर सहित करीब आधा दर्जन लोगों के सिर पर गंभीर टांके आए हैं।

​पुलिस को सूचना मिली थी कि गिरोह का मुख्य आरोपी रामनाथ अपने साथियों के साथ छिपने की कोशिश कर रहा है। पुलिस ने जब घेराबंदी की, तो आरोपी ने पुलिस टीम पर देशी कट्टे से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी गोली चलाई, जो आरोपी के पैर में लगी।

घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि उसके 8 अन्य साथियों को जेल भेज दिया गया है। पकड़े गए सभी आरोपी स्थानीय क्षेत्रों के ही निवासी हैं।

​पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट के मोबाइल फोन, नकदी, वारदात में इस्तेमाल की गई रॉड, पाइप, बेल्ट और कई मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 4 लाख 9 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इस गिरोह का मकसद केवल लूटपाट करना नहीं बल्कि इलाके में दहशत फैलाना भी था।

Back to top button
close