LIVE UPDATE
Chhattisgarh

Cg news: आत्मानंद स्कूल में मिड-डे मील के बाद 20 बच्चों की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती

Cg news: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड स्थित स्वामी आत्मानंद हायर सेकेंडरी स्कूल में गुरुवार को मध्याह्न भोजन करने के बाद बच्चों के बीमार हो गए।

मीडिया रिपोर्ट अनुसार भोजन करने वाले 127 छात्रों में से करीब 20 बच्चों को अचानक उल्टी, पेट दर्द और घबराहट की शिकायत हुई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल 12 बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद निगरानी में रखा गया है।

स्कूल में रोज की तरह छात्रों को मध्याह्न भोजन में दाल, चावल, सब्जी और अचार परोसा गया था। भोजन करने के कुछ ही देर बाद एक-एक कर बच्चों ने पेट में तेज दर्द और जी मिचलाने की शिकायत की।

मीडिया रिपोर्ट अनुसार स्कूल प्रबंधन ने आनन-फानन में स्वास्थ्य विभाग को सूचित किया, जिसके बाद डॉ. हेमंत लहरे के नेतृत्व में मेडिकल टीम स्कूल पहुंची। डॉक्टरों का कहना है कि अस्पताल में भर्ती सभी 12 बच्चों की स्थिति अब स्थिर है और उनका इलाज जारी है।

हालांकि, कुल 237 नियमित छात्रों में से केवल 127 ने ही गुरुवार को भोजन किया था, जिनमें से 20 बच्चों में फूड पॉइजनिंग जैसे लक्षण पाए गए।

प्रारंभिक जांच और छात्रों से मिली जानकारी के अनुसार, भोजन में परोसे गए अचार और दाल की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि निर्धारित मेन्यू के विपरीत दाल में पत्ता गोभी मिलाई गई थी, जिससे गैस या अपच की समस्या हो सकती है।

Back to top button