CG News-कांग्रेस के दिग्गज नेताओं के खिलाफ भाजयुमो का हल्लाबोल, फूंका भूपेश- सिंहदेव का पुतला
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेता लगातार सनातन धर्म, भगवान श्रीराम और हिंदू धर्म के प्रतिष्ठित साधु-संतों का अपमान कर रहे हैं, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

CG News-बीजापुर/छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा के निर्देश पर और जिलाध्यक्ष हरिहर साहनी के नेतृत्व में सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व उप-मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने दोनों कांग्रेस नेताओं को ‘सनातन विरोधी’ बताते हुए उनका पुतला दहन किया।
CG News-प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेता लगातार सनातन धर्म, भगवान श्रीराम और हिंदू धर्म के प्रतिष्ठित साधु-संतों का अपमान कर रहे हैं, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान भाजयुमो जिलाध्यक्ष हरिहर साहनी ने कांग्रेस नेतृत्व पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म का विरोध करना अब कांग्रेस की पहचान बनती जा रही है।
साहनी ने विशेष रूप से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयानों का उल्लेख करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा और पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जैसे संतों का विरोध करना यह दर्शाता है कि कांग्रेस पार्टी की मानसिकता पूरी तरह से सनातन विरोधी हो चुकी है।
कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेताओं ने समय-समय पर देवी-देवताओं और साधु-संतों का अपमान कर करोड़ों लोगों की धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाई है।
इस विरोध प्रदर्शन में भाजपा के कई वरिष्ठ जिला स्तरीय नेता भी शामिल हुए, जिससे आंदोलन को और अधिक मजबूती मिली। पुतला दहन के मौके पर भाजपा प्रदेश मंत्री जिलाराम राणा, जिला महामंत्री फूलचंद गागड़ा, भाजपा प्रवक्ता व जिला पंचायत सदस्य मथियस कुजूर और उपाध्यक्ष राजू कलमू प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
इसके अलावा ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष जागर लक्ष्मैया, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष माया झाड़ी, ज्योति हेमला, पूजा पोदी, पार्षद संजय रिवानी, गोलू नाग और दीपक भट्ट सहित बड़ी संख्या में युवा मोर्चा के कार्यकर्ता मौजूद थे।





