LIVE UPDATE
Chhattisgarhcrime

तेज आवाज़ में डीजे बजाने की शिकायत,पुलिस ने जब्त किए साउंड बाक्स- एम्पलीफायर

सूरजपुर ।जिले में देर रात तेज ध्वनि में डीजे और साउंड बॉक्स बजाने की शिकायत मिलते ही सूरजपुर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। बीती रात विश्रामपुर थाना क्षेत्र में बिना अनुमति तेज आवाज में साउंड बॉक्स बजाए जाने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दो साउंड बॉक्स तथा एक एम्पलीफायर जब्त कर लिया। साथ ही साउंड सिस्टम संचालक और तेज ध्वनि में साउंड बॉक्स बजाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कोलाहल अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि डीजे संचालकों और आम नागरिकों की बैठक लेकर ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग के लिए पूर्व अनुमति अनिवार्य कराएं और यह सुनिश्चित करें कि किसी भी स्थिति में निर्धारित समय सीमा के बाद तेज आवाज में डीजे या साउंड सिस्टम न बजे। इसी क्रम में थाना प्रभारी विश्रामपुर प्रकाश राठौर ने क्षेत्र के डीजे संचालकों के साथ बैठक कर उच्च न्यायालय द्वारा ध्वनि प्रदूषण रोकथाम संबंधी दिशा-निर्देशों से अवगत कराते हुए स्पष्ट हिदायत दी थी कि तय समय और अनुमति के बिना कोई भी डीजे या साउंड बाक्स नहीं बजाया जाएगा।

15-16 नवंबर की दरम्यानी रात रात्रि गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम तलवापारा में तेज आवाज में साउंड बॉक्स बजाया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है। सूचना के आधार पर पहुंची पुलिस टीम ने बिना अनुमति तेज ध्वनि में साउंड सिस्टम बजाते पाए जाने पर दो साउंड बॉक्स और एक एम्पलीफायर जब्त किया और गुड्डू खुलेखीन देवांगन तथा साउंड सिस्टम संचालक विशाल गुप्ता के विरुद्ध धारा 4, 5, 15(1) कोलाहल अधिनियम के तहत कार्रवाई की।

सूरजपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि डीजे बजाने से पूर्व विधिवत अनुमति लें और केवल तय समय सीमा तक ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग करें। बिना अनुमति या निर्धारित समय के बाद तेज आवाज में डीजे बजाने, तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों का दुरुपयोग करने वालों की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम सूरजपुर के मोबाइल नंबर 9479193999 पर दें, ताकि ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

 


Chief Editor

छत्तीसगढ़ के ऐसे पत्रकार, जिन्होने पत्रकारिता के सभी क्षेत्रों में काम किया 1984 में ग्रामीण क्षेत्र से संवाददाता के रूप में काम शुरू किया। 1986 में बिलासपुर के दैनिक लोकस्वर में उपसंपादक बन गए। 1987 से 2000 तक दिल्ली इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के राष्ट्रीय अखबार जनसत्ता में बिलासपुर संभाग के संवाददाता के रूप में सेवाएं दीं। 1991 में नवभारत बिलासपुर में उपसंपादक बने और 2003 तक सेवाएं दी। इस दौरान राजनैतिक विश्लेषण के साथ ही कई चुनावों में समीक्षा की।1991 में आकाशवाणी बिलासपुर में एनाउँसर-कम्पियर के रूप में सेवाएं दी और 2002 में दूरदर्शन के लिए स्थानीय साहित्यकारों के विशेष इंटरव्यू तैयार किए ।1996 में बीबीसी को भी समाचार के रूप में सहयोग किया। 2003 में सहारा समय रायपुर में सीनियर रिपोर्टर बने। 2005 में दैनिक हरिभूमि बिलासपुर संस्करण के स्थानीय संपादक बने। 2009 से स्वतंत्र पत्रकार के रूप में बिलासपुर के स्थानीय न्यूज चैनल ग्रैण्ड के संपादक की जिम्मेदारी निभाते रहे । छत्तीसगढ़ और स्थानीय खबरों के लिए www.cgwall.com वेब पोर्टल शुरू किया। इस तरह अखबार, रेडियो , टीवी और अब वेबमीडिया में काम करते हुए मीडिया के सभी क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाई है।
Back to top button
close