SSP के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई – अवैध शराब बेचने वाले गिरफ्तार…दोनों पर आबकारी एक्ट की कार्रवाई

बिलासपुर…पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार पर लगातार कार्रवाई तेज कर दी है। अलग-अलग थानों की पुलिस टीमों ने छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है।
कोटा पुलिस की कार्रवाई
थाना कोटा प्रभारी तोप सिंह नवरंग को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम मझगांव निवासी सुशील कुमार पोर्ते अपने घर के परछी में अवैध महुआ शराब बेच रहा है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुँची और दबिश दी। तलाशी में आरोपी के कब्जे से पीले रंग के जरीकेन में 5 लीटर तथा स्प्राइट बोतल में 2 लीटर महुआ शराब, कुल 7 लीटर बरामद की गई। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट की धाराओं के तहत न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
चकरभाठा पुलिस की कार्रवाई
इसी तरह थाना चकरभाठा पुलिस ने मुखबिर सूचना पर ग्राम सेंवार निवासी राजपूत मिरी के घर पर छापेमारी की। आरोपी के आंगन में रखे सफेद प्लास्टिक बोरी से 38 पाव देशी प्लेन शराब बरामद की गई। मौके पर आरोपी को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की सख्त हिदायत
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को अवैध शराब बिक्री करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। रजनेश सिंह ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में शामिल लोगों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। आने वाले दिनों में और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।




