LIVE UPDATE
Bilaspur

शिक्षा पर गिरा खतरे का मलबा: बरदुली स्कूल की छत ढही, दो मासूम घायल”

मुंगेली…चल जाबो पढ़े बर, जीनगी गढ़ेबर” — यह नारा बच्चों को शिक्षा के लिए प्रेरित करने के लिए दिया गया था, लेकिन बरदुली प्राथमिक शाला की घटना ने इसे सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है। गुरुवार को मुंगेली स्थित. प्रा. शाला बरदुली के तीसरी कक्षा के दो छात्र — हिमांशु दिवाकर और आंशिक दिवाकर — अचानक छत का प्लास्टर गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गए।

अचानक गिरी छत, बच्चे सहमे

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कक्षा में पढ़ाई के दौरान अचानक छत का हिस्सा भरभरा कर गिर पड़ा। मलबा सीधे दोनों बच्चों के सिर पर गिरा, जिससे एक बच्चे को तीन टांके लगाने पड़े। प्राथमिक उपचार दशरंगपुर स्वास्थ्य केंद्र में कराकर बच्चों को घर भेज दिया गया, जबकि गंभीर चोट की स्थिति को देखते हुए बिलासपुर रेफर करने की मांग उठी।

घायल बच्चों के पिता राजा दिवाकर और रमेश दिवाकर का कहना है कि हादसे के बाद से बच्चे गुमसुम और डरे हुए हैं, और अब स्कूल जाने से हिचकिचा रहे हैं।

स्थानीय नेताओं ने लिया हालचाल

घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस नेता रामचंद्र साहू, मकराल यादव और सरपंच प्रतिनिधि तुकाराम साहू ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रामचंद्र साहू ने कहा,“जर्जर भवन में बच्चों को बैठाना खतरे से खाली नहीं है। शिक्षा विभाग को पहले ही सतर्क रहना चाहिए था।”उन्होंने प्रशासन से अतिरिक्त कक्ष निर्माण की मांग की।

प्रशासन की प्रतिक्रिया

ग्राम पंचायत बरदुली के सरपंच रानू तुकाराम साहू ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही बीईओ को मौके पर भेजा गया। जिला शिक्षा अधिकारी सी.के. घृतलहरे ने कहा कि जांच में पाया गया कि छत गिरने की कोई स्पष्ट आशंका पहले नहीं दिख रही थी। फिलहाल बच्चों की कक्षाएँ अस्थायी रूप से आंगनबाड़ी केंद्र में लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

सुरक्षा को लेकर सवाल

यह हादसा ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर स्कूल भवनों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। यदि समय रहते निरीक्षण और मरम्मत होती, तो ऐसी घटनाओं से बचा जा सकता था। अभिभावकों की मांग है कि बरदुली ही नहीं, पूरे क्षेत्र के स्कूल भवनों का तकनीकी निरीक्षण किया जाए ।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close