5% महीना’ के झांसे में 8.45 करोड़ डकारे, शेयर मार्केट ठगी… सरगना बंगाल से गिरफ्तार
8.45 करोड़ का ‘शेयर मार्केट’ घोटाला बेनकाब, बंगाल से मास्टरमाइंड गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा…पांच प्रतिशत मासिक ब्याज और मोटे मुनाफे का लालच देकर करोड़ों रुपये हड़पने वाले आरोपी को पुलिस ने पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक क्रेटा कार, 12 अलग-अलग बैंकों की चेकबुक, 9 डेबिट कार्ड, 8 क्रेडिट कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, तीन महंगे मोबाइल और 30 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं।
मामले की शुरुआत तब हुई जब सक्ती जिले के अखराभांठा निवासी भूधर प्रसाद देवांगन (38) ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पेशे से एकाउंटेंट भूधर की पहचान वर्ष 2021 में कोलकाता निवासी विश्वजीत देबनाथ से हुई थी। आरोपी ने शेयर मार्केट में निवेश पर हर महीने पांच प्रतिशत ब्याज और अधिक लोगों को जोड़ने पर अतिरिक्त लाभ का झांसा दिया।
प्रलोभन में आकर प्रार्थी और अन्य लोगों ने मिलकर 8 करोड़ 45 लाख रुपये नगद, आरटीजीएस, एनईएफटी और चेक के माध्यम से निवेश कर दिए। शुरुआत में कुछ निवेशकों को 1 से 8 माह तक ब्याज दिया गया, जिससे भरोसा मजबूत हुआ। बाद में आरोपी टालमटोल करने लगा, कंपनी में घाटे का हवाला देता रहा और पूरा पैसा लौटाने का झूठा आश्वासन देता रहा।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और गवाहों के बयान के आधार पर आरोपी की तलाश तेज की। मुखबिर सूचना पर उसे पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के कृष्णानगर क्षेत्र से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने निवेश की राशि से क्रेटा कार खरीदने, घर का रंगरोगन कराने और सोना खरीदकर बैंक में रखने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बैंकिंग दस्तावेज, कार्ड, मोबाइल और अन्य सामग्री जब्त की। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मामला अब निवेश के नाम पर संगठित धोखाधड़ी के बड़े नेटवर्क की जांच की दिशा में बढ़ रहा है। पुलिस अन्य संभावित निवेशकों और आर्थिक लेन-देन की कड़ियों को भी खंगाल रही है।





