LIVE UPDATE
politics

कांग्रेस से निलंबित 12 पार्षद भाजपा में हुए शामिल

ठाणे। अंबरनाथ नगरपालिका परिषद के नवनिर्वाचित जिन 12 पार्षदों को चुनाव के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ जुड़ने के कारण कांग्रेस ने निलंबित कर दिया था, वे अब औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल हो गए हैं।

कांग्रेस ने इस घटनाक्रम को लेकर भाजपा की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि जहां एक ओर कांग्रेस ने पार्षदों के खिलाफ कार्रवाई की, वहीं भाजपा ने उन्हें अपने दल में शामिल कर लिया, जबकि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गठबंधन को अस्वीकार्य बताया था।

भाजपा की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने बुधवार देर रात यहां पार्टी कार्यालय में इस घटनाक्रम की घोषणा की और कहा कि यह कदम सत्ता की लालसा से नहीं बल्कि विकास के प्रति साझा प्रतिबद्धता से प्रेरित है।

ये 12 पार्षद – प्रदीप नाना पाटिल, दर्शना पाटिल, अर्चना चरण पाटिल, हर्षदा पंकज पाटिल, तेजस्विनी मिलिंद पाटिल, विपुल प्रदीप पाटिल, मनीष म्हात्रे, धनलक्ष्मी जयशंकर, संजवनी राहुल देवड़े, दिनेश गायकवाड़, किरण बद्रीनाथ राठौड़ और कबीर नरेश गायकवाड़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण एवं मंत्री गणेश नाइक की उपस्थिति में पार्टी में शामिल हो गये।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘जनता ने इन पार्षदों को चुना है और उन्होंने नागरिकों को विकास का वादा किया था। वे हमारे साथ इसलिए आए हैं क्योंकि सरकार गतिशील ढंग से काम कर रही है और लोगों को न्याय एवं विकास प्रदान करने में सक्षम है।’’

भाजपा ने 20 दिसंबर को हुए स्थानीय निकाय चुनाव के बाद अपने कट्टर प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के साथ ‘अंबरनाथ विकास आघाडी’ (एवीए) के बैनर तले गठबंधन करके अंबरनाथ नगर परिषद (ठाणे जिले में) का नेतृत्व संभाला और सहयोगी शिवसेना को दरकिनार कर दिया, जो सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। आघाडी में अजित पवार नीत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) भी शामिल है।

एवीए ने 60 सदस्यीय स्थानीय निकाय में 31 सीट के साथ बहुमत हासिल किया। हाल में हुए चुनाव में शिवसेना ने 27 सीट जीती, जो बहुमत से मात्र चार कम थीं। भाजपा ने 14 सीट, कांग्रेस ने 12, राकांपा ने चार सीट जीतीं, जबकि दो निर्दलीय भी चुनाव जीते।

एक निर्दलीय उम्मीदवार के समर्थन के साथ तीन दलों वाले इस गठबंधन में पार्षदों की संख्या 32 तक पहुंच गई, जो बहुमत के आंकड़े 30 से अधिक है।

इस असामान्य व्यवस्था से तमतमाई कांग्रेस ने बुधवार को अपने 12 नवनिर्वाचित पार्षदों और ब्लॉक अध्यक्ष को निलंबित कर दिया।

निलंबित पार्षदों के भाजपा में शामिल होने के कदम ने नगरपालिका के राजनीतिक समीकरणों को काफी हद तक बदल दिया है।

भाजपा, राकांपा और शिवसेना सत्तारूढ़ महायुति में सहयोगी हैं।चव्हाण ने कहा कि पार्षदों का यह कदम भाजपा नीत सरकार में बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।

Back to top button
close