1 मंच, 150 जोड़े, सम्मान की सौगात..मुख्यमंत्री कन्या विवाह समारोह में बलरामपुर ने रचा इतिहास
150 जोड़ों का एक साथ विवाह, सम्मान और समरसता का सजीव दृश्य

बलरामपुर (पृथ्वी लाल केशरी)…जिले में सामाजिक समरसता और बेटियों के सम्मान का प्रतीक मुख्यमंत्री कन्या विवाह समारोह गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित इस भव्य आयोजन में 150 जोड़े एक साथ वैवाहिक जीवन के पवित्र बंधन में बंधे। इनमें 145 जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से जबकि 5 जोड़ों का विवाह ईसाई पद्धति से संपन्न कराया गया।
वर्चुअल माध्यम से जुड़े मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय वर्चुअल माध्यम से समारोह में शामिल हुए और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद और मंगलमय दांपत्य जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह न केवल आर्थिक सहयोग का माध्यम है, बल्कि सामाजिक एकता और समानता का भी सशक्त संदेश देता है।
प्रदेशभर में एक साथ 6414 विवाह
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस आयोजन के तहत पूरे प्रदेश में एक साथ 6414 जोड़े वैवाहिक जीवन में प्रवेश कर रहे हैं, जो अपने आप में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह योजना उन परिवारों के लिए संबल बनी है, जिन्हें बेटियों के विवाह को लेकर आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
योजना की 20वीं वर्षगांठ पर बढ़ी सहायता राशि
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की शुरुआत तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने की थी। योजना के 20 वर्ष पूर्ण होने और रजत जयंती वर्ष के अवसर पर अब सहायता राशि में दस गुना वृद्धि की गई है। वर्तमान में प्रत्येक हितग्राही को 35 हजार रुपये की राशि चेक के माध्यम से प्रदान की जा रही है।
मुख्य अतिथि ने दिया आशीर्वाद
समारोह की मुख्य अतिथि सामरी विधायक उधेश्वरी पैकरा ने नवदम्पतियों पर पीले चावल और पुष्पवर्षा कर आशीर्वाद दिया तथा प्रत्येक जोड़े को 35 हजार रुपये का चेक प्रदान किया।
अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग बिस्मिता पाटले, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग सदस्य कृष्णा गुप्ता, रेडक्रॉस सोसायटी अध्यक्ष ओम प्रकाश जायसवाल सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।




