Big news

 नगरीय प्रशासन का नाराजगी भरा परमान…कहा…शिकायतों से खुल गयी पोल..अब नोडल अधिकारियों को देना होगा जवाब

नगरीय प्रशासन ने जारी किया फरमान...समय सीमा में पूरा करें काम

बिलासपुर—नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के राज्य शहरी विकास अभिकरण यानि सूडा ने जन शिकायतों को ध्यान में रखकर सभी नगरीय निकायों को नोडल अधिकारी और सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त का आदेश दिया है। सुडा ने समय-सीमा में शिकायतों का निराकरण नहीं होने पर नाखुशी जाहिर किया है। सभी नगर निगमों के आयुक्तों,नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को भी पत्र जारी कर नोडल अधिकारी, सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त का फरमान सुनाया है।
 सुडा ने नगरीय निकायों को आदेश दिया है कि  प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में जन समस्याओं से संबंधित शिकायतों के निराकरण के लिए जन शिकायत निवारण प्रणाली ‘निदान 1100’ का प्रातः छह बजे से रात्रि आठ बजे तक संचालन किया जा रहा है। साथ ही निकाय क्षेत्र में रहने वाले नागरिकों की साफ-सफाई, डोर-टू-डोर कचरा प्रबंधन, रोड, नाली, सीवर की सफाई, सेप्टिक टैंक की सफाई, स्ट्रीट लाइट, वाटर सप्लाई, भवन अनुज्ञा और  अन्य शिकायतों का निर्धारित समय में निराकरण का फरमान सुनाया है।
 आदेश में बताया गया है कि निदान-1100 में दर्ज नागरिकों की  शिकायतों का निराकरण समय-सीमा में नहीं किया जा रहा है। शिकायतों का निराकरण समय-सीमा में नहीं होने से नागरिक ना केवल आक्रोशित है बल्कि निकायों की छवि धूमिल हो रही है। इससे जाहिर होता है कि निकायों की स्थिति बहुत ही खराब है।
सुडा ने निदान-1100 के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण के लिए नगर निगमों में मुख्यालय स्तर पर अपर आयुक्त या उपायुक्त को नोडल अधिकारी, स्वास्थ्य अधिकारी को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त करने को कहा है।जोन कार्यालय स्तर पर जोन आयुक्त को नोडल अधिकारी और स्वास्थ्य अधिकारी को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त करने को कहा है। नगर पालिकाओं में मुख्य नगर पालिका अधिकारी को नोडल अधिकारी और स्वास्थ्य अधिकारी या सफाई दरोगा या स्वच्छता निरीक्षक को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त करने के फरमान सुनाया है।  नगर पंचायतों में मुख्य नगर पालिका अधिकारी को नोडल अधिकारी और सफाई दरोगा या स्वच्छता निरीक्षक को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश सुडा ने दिए हैं।
नोडल अधिकारी या सहायक नोडल अधिकारी के स्थानांतरण या अन्य किसी स्थिति में उनके स्थान पर नवपदस्थ अधिकारी,कर्मचारी स्वतः नोडल अधिकारी या सहायक नोडल अधिकारी नामांकित होंगे। सुडा ने अपने पत्र में दिए गए निर्देशानुसार सभी निकायों को नोडल अधिकारी और सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त कर जानकारी को साझा करने को भी कहा है।
Back to top button
close