महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने मानव तस्करी और कथित देह व्यापार से जुड़े मामले में कार्रवाई करते हुए 35 वर्षीय टीवी अभिनेत्री को सुरक्षित बाहर निकाला है।

पुलिस ने इस मामले में छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले की रहने वाली तबस्सुम उर्फ सोनिया उमर कुरैशी (39) को गिरफ्तार किया है। उसका एक कथित पुरुष सहयोगी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, एक गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) से मिली सूचना के आधार पर आठ अक्टूबर को मीरा-भायंदर रोड स्थित एक होटल में कार्रवाई की गई।

पुलिस ने पहले वहां फर्जी ग्राहक भेजा और फिर छापेमारी कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 143 और अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत केस दर्ज किया गया है।

पुलिस का आरोप है कि गिरफ्तार महिला और उसका सहयोगी मनोरंजन जगत से जुड़ी महिलाओं को निशाना बनाते थे।

इनमें हिंदी टीवी धारावाहिकों, वेब सीरीज और फोटोशूट में काम करने वाली महिलाएं शामिल बताई गई हैं। आरोप है कि महिलाओं को देह व्यापार में धकेलने के बदले पैसे लिए जाते थे। इन आरोपों की जांच जारी है।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान हिंदी धारावाहिकों और वेब सीरीज में काम कर चुकी एक अभिनेत्री को सुरक्षित बचाया।

उसकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसे मुंबई स्थित रेस्क्यू फाउंडेशन में रखा गया है। पुलिस ने पीड़िता की पहचान और मामले से जुड़ी अन्य निजी जानकारियां सार्वजनिक नहीं की हैं।

गिरफ्तार आरोपी तबस्सुम उर्फ सोनिया उमर कुरैशी मूल रूप से छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले की रहने वाली बताई गई है और फिलहाल मुंबई के जोगेश्वरी इलाके में रहती थी।

पुलिस फरार सहयोगी की तलाश के साथ ही कथित गिरोह की गतिविधियों और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।