LIVE UPDATE
Bilaspur

जहां पानी बचा, वहीं भविष्य बचा—परसदा ने दिखाया रास्ता

धरती प्यासी थी, गांव बोला—अब पानी नहीं बर्बाद होगा

बिलासपुर.. तेजी से गिरते भू-जल स्तर और भविष्य में मंडराते जल संकट के बीच ‘मोर गांव मोर पानी’ अभियान के तहत बिल्हा विकासखंड के ग्राम परसदा में जल संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को यह समझाना था कि पानी बचाना केवल जरूरत नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जिम्मेदारी है।

जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की अपील

कार्यक्रम में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि जल जीवन का आधार है, लेकिन लगातार दोहन के कारण भू-जल स्तर तेजी से नीचे जा रहा है। यदि अभी भी सचेत नहीं हुए तो भविष्य में गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने वर्षा जल संचयन, पानी के विवेकपूर्ण उपयोग और फसल विविधिकरण पर जोर देते हुए कहा कि जल संरक्षण तभी सफल होगा जब हर व्यक्ति इसे अपनी जिम्मेदारी समझे।

वाटर हीरो ने बताए वैज्ञानिक तरीके

जल संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले ‘वाटर हीरो’ नीरज वानखेड़े ने ग्रामीणों को सरल भाषा में जल संरक्षण के वैज्ञानिक उपायों की जानकारी दी। उन्होंने वर्षा जल संचयन, खेत तालाब, जल स्रोतों के संरक्षण, मिट्टी कटाव रोकने और भू-जल संवर्धन के व्यावहारिक तरीकों को मॉडल के माध्यम से समझाया। उन्होंने बताया कि सही प्रयासों से गांवों में फिर से हरियाली और जल संपन्नता लौट सकती है।

 आजीविका और पानी—दोनों का समाधान

जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल ने आजीविका डबरी योजना की जानकारी देते हुए बताया कि शासन द्वारा डबरी निर्माण के लिए तीन लाख रुपये तक की सहायता दी जाती है। इससे सिंचाई, निस्तारी के साथ-साथ मछली और बत्तख पालन जैसी आजीविका गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलता है।

गांवों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा

जनपद पंचायत अध्यक्ष रामकुमार कौशिक ने जीराम योजना की जानकारी देते हुए कहा कि इसके जरिए गांवों में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्र आत्मनिर्भर बन सकें।

शपथ के साथ हुआ कार्यक्रम का समापन

कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई और पानी बचाने व भू-संरक्षण गतिविधियों को अपनाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में जनपद पंचायत उपाध्यक्ष विक्रम सिंह, जनपद पंचायत बिल्हा के सीईओ कुमार सिंह, सरपंच जितेन्द्र निर्णेजा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, ग्रामीण और स्व-सहायता समूह की महिलाएं मौजूद रहीं।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close