बलरामपुर….(पृथ्वी लाल केशरी)…स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बलरामपुर ने भेदभावपूर्ण मानसिकता के विरोध में सत्याग्रह प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने हाल ही में हल्द्वानी में कांग्रेस की रैली के स्थल को गंगाजल से कथित रूप से शुद्ध किए जाने की घटना को सामाजिक समानता, बंधुत्व और मानवीय गरिमा के संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ बताया।

जिला मुख्यालय स्थित सुभाष चंद्र बोस चौक पर महात्मा गांधी की तस्वीर के समक्ष कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सत्याग्रह किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि हिंदू राइट विंग संगठनों की ओर से हल्द्वानी में कांग्रेस की रैली के स्थल का कथित शुद्धिकरण इस आधार पर किया गया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की उपस्थिति से स्थल अपवित्र हो गया था। कांग्रेस ने इस घटना को बेहद निंदनीय और सामाजिक भेदभाव को बढ़ावा देने वाली मानसिकता का प्रतीक बताया।

भेदभाव की मानसिकता लोकतंत्र के लिए खतरा

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष एवं जनपद सदस्य समीर सिंह देव ने कहा कि लोकतांत्रिक भारत में किसी व्यक्ति की सामाजिक पृष्ठभूमि के आधार पर उसे अपवित्र मानना संविधान की मूल भावना का अपमान है। उन्होंने कहा कि ऐसी मानसिकता केवल कांग्रेस अध्यक्ष का अपमान नहीं, बल्कि समानता, बंधुत्व, सामाजिक न्याय और मानवीय गरिमा जैसे संवैधानिक मूल्यों पर सीधा प्रहार है।

उन्होंने कहा कि देश महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और सामाजिक समरसता के विचारों को अपना आदर्श मानता है। ऐसे में किसी राजनीतिक कार्यक्रम के स्थल को किसी व्यक्ति की मौजूदगी के कारण ‘अपवित्र’ बताकर उसका शुद्धिकरण करना लोकतांत्रिक और समतामूलक समाज के लिए गंभीर सवाल खड़े करता है।

राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन

कांग्रेस नेताओं ने घटना के विरोध में राष्ट्रपति के नाम अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को ज्ञापन सौंपकर ऐसी घटनाओं पर गंभीर चिंता जताई। कांग्रेस ने कहा कि संविधान से संचालित लोकतांत्रिक समाज में जातिगत अथवा सामाजिक भेदभाव की मानसिकता के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए।

सत्याग्रह में जिला उपाध्यक्ष प्रशांत विश्वास, नवीन गुप्ता, कोषाध्यक्ष सुनील गुप्ता, राजा चौबे, आदिवासी नेता कृपा शंकर, सरपंच संस्कृति रक्सेल, महामंत्री अरुण दास, राजेश गुप्ता, विनोद मेहता, फेंकू पाल, जोखू राम, राकेश्वर राम, गंगा, नरेश यादव, मिथुन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।