पुलिस आई तो टूटा नशे का अड्डा: दो थाना क्षेत्र, तीन आरोपी और सैकड़ों लीटर शराब बरामद
महुआ शराब का खेल उजागर: बिलासपुर में पुलिस की सर्जिकल कार्रवाई से मचा हड़कंप

बिलासपुर…जिले में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने एक साथ दो थानों की सीमा में ऐसी कार्रवाई की है, जिसने नशा कारोबारियों की नींद उड़ा दी है। कोनी और सीपत थाना क्षेत्र में हुई ताबड़तोड़ रेड यह सवाल भी छोड़ गई है कि जब पुलिस इतनी बड़ी मात्रा में कच्ची महुआ शराब पकड़ सकती है, तो यह कारोबार अब तक फल-फूल कैसे रहा था?
125 लीटर महुआ शराब, सेटअप जप्त
थाना कोनी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम जलसों के बिसाहिन तालाब के पास एक व्यक्ति भारी मात्रा में कच्ची महुआ शराब रखकर बिक्री की तैयारी में है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर अजय वर्मा उर्फ जनता को पकड़ा। तलाशी में एक प्लास्टिक थैले में तीन बोतलें, छह पीले प्लास्टिक डिब्बों में भरी कुल 125 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 25 हजार रुपये बताई गई है।
सिर्फ शराब ही नहीं, बल्कि शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री—दो सिल्वर डेंचकी, एक गैस सिलेंडर और चूल्हा—भी जप्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 30 हजार रुपये है। वैध दस्तावेज प्रस्तुत न कर पाने पर आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
दो गांव, दो रेड और दो आरोपी गिरफ्त में
इधर सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम नरगोडा और देवरी में भी पुलिस ने अलग-अलग टीम बनाकर एक साथ रेड की। ग्राम नरगोडा में अमन लोनिया के कब्जे से 15 लीटर कच्ची महुआ शराब जप्त की गई, जबकि ग्राम देवरी में जगत नारायण वस्त्रकार के पास से 35 पाव देशी प्लेन शराब, कुल 6.300 लीटर, बरामद की गई। दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
सवाल जो कार्रवाई से बड़े हैं
एक ही दिन में दो थानों की सीमा में इतनी मात्रा में अवैध शराब पकड़ा जाना यह भी उजागर करता है कि नशे का कारोबार छिटपुट नहीं, बल्कि संगठित रूप ले चुका है। पुलिस की यह कार्रवाई भले ही सख्त मानी जा रही हो, लेकिन असली परीक्षा यह होगी कि क्या यह अभियान निरंतर चलेगा या कुछ दिनों बाद सब कुछ फिर पुराने ढर्रे पर लौट आएगा।
कोनी–सीपत पुलिस की दो टूक अपील
पुलिस ने साफ कहा है कि अवैध शराब, नशे और गैरकानूनी गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। आम नागरिकों से अपील की गई है कि ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय थाना या डायल 112 पर दें।





