LIVE UPDATE
Big news

video: शिक्षा के मंदिर में खून की धार: आत्मानंद स्कूल के बाहर नाबालिगों के बीच चाकूबाजी.., दो नाबालिग छात्र घायल .. छात्राओं की बीच झूमाझटकी

स्कूल या अखाड़ा? आत्मानंद स्कूल के बाहर चाकू से हमला, एक दिन पहले छात्राओं में सड़क पर मारपीट

बिलासपुर..सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित पंडित रामदुलारे आत्मानंद स्कूल, मुक्तिधाम एक बार फिर गंभीर विवादों के कारण सुर्खियों में आ गया है। शुक्रवार शाम स्कूल की छुट्टी के बाद कक्षा नवमी और दसवीं के छात्रों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते चाकूबाजी में तब्दील हो गया, जिसमें कक्षा नवमी के दो नाबालिग छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, शाम करीब 4 बजे छुट्टी होने के बाद कक्षा नवमी और दसवीं के छात्रों के दो गुटों में कहासुनी हुई। बताया जा रहा है कि विवाद की पृष्ठभूमि में आपसी व्यक्तिगत रंजिश थी। इसी दौरान कक्षा दसवीं के कुछ छात्रों ने अपने साथियों और कुछ बाहरी युवकों को स्कूल परिसर के आसपास बुला लिया।

करीब 4:15 बजे, जब कक्षा नवमी के दोनों छात्र स्कूल से बाहर निकले, तभी पहले से मौजूद तीन से चार युवकों ने उन पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। हमले में एक छात्र को सीने और पीठ, जबकि दूसरे को पेट और पीठ में गंभीर चोटें आईं।

घटना के दौरान स्कूल परिसर और आसपास अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने तत्काल सरकंडा थाना को जानकारी दी। इस बीच कुछ लोगों ने घटना का वीडियो भी बना लिया, जो बाद में सामने आया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी हिरासत में

सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्रों को तुरंत वाहन से अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मौके से कक्षा दसवीं के उन छात्रों को भी हिरासत में लिया, जिन पर अपने साथियों को बुलाने का आरोप है। साथ ही, अन्य संदिग्ध युवकों को भी पकड़कर थाने ले जाया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों से चाकू के संबंध में पूछताछ की जा रही है। हालांकि पकड़े गए युवक खुद को बेगुनाह बताते रहे, लेकिन घायल छात्रों की निशानदेही पर संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। मामले में जांच जारी है और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 छात्राओं के बीच सड़क पर मारपीट, 

इसी स्कूल से जुड़ी एक और हिंसक घटना एक दिन पहले सामने आई थी। गुरुवार को स्कूल की छुट्टी के बाद करीब 4:30 बजे, आत्मानंद स्कूल मुक्तिधाम के बाहर खुली सड़क पर छात्राओं के दो गुटों में जमकर मारपीट हुई। इस दौरान झूमाझटकी और पटका-पटकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।

सूत्रों के अनुसार, छात्राओं के बीच विवाद की वजह आपसी निजी संबंधों को लेकर हुआ विवाद था। स्कूल से निकलने के बाद बहस ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों गुट आपस में भिड़ गए। बाद में लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत कराया गया, लेकिन इसकी जानकारी अब चाकूबाजी की घटना के बाद सामने आई है।

लगातार विवादों में रहा है स्कूल

पंडित रामदुलारे आत्मानंद स्कूल, मुक्तिधाम इससे पहले भी शैक्षणिक अनुशासन, मारपीट, नकल, छात्रों पर कथित मानसिक दबाव और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा में रहा है।
लगातार गुरुवार को छात्राओं की मारपीट और शुक्रवार को छात्रों के बीच चाकूबाजी की घटनाओं ने एक बार फिर स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था और अनुशासन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल सरकंडा पुलिस सभी नाबालिग छात्रों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और पूरे घटनाक्रम की कड़ी-दर-कड़ी जांच की जा रही है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close