LIVE UPDATE
Bilaspur

वन क्षेत्र रक्षक से मारपीट, शासकीय कार्य में बाधा: दो आरोपी हिरासत में

बहुत बड़ा पुलिस बनता है’ कहकर वन रक्षक से मारपीट, मामला दर्ज

रतनपुर..वन परियोजना परिक्षेत्र भैंसाझार में गश्त के दौरान एक वन क्षेत्र रक्षक के साथ मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर रतनपुर थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार कृपानंद जांगड़े, पिता लखन जांगड़े, उम्र 34 वर्ष, जो वन क्षेत्र रक्षक के पद पर पदस्थ हैं, गश्त के दौरान भैंसाझार क्षेत्र से गुजर रहे थे। इसी दौरान बीच रास्ते में एक कार खड़ी कर मार्ग अवरुद्ध किया गया था। कार के पास मौजूद चार अज्ञात व्यक्ति शराब का सेवन कर रहे थे।

जब वन क्षेत्र रक्षक ने उनसे रास्ता हटाने को कहा तो आरोपियों ने “बहुत बड़ा पुलिस बनता है” जैसे शब्दों का उपयोग करते हुए शासकीय कार्य में बाधा डाली और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। घटना में वनकर्मी को चोटें आई हैं। सभी आरोपी शराब के नशे में बताए जा रहे हैं।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना रतनपुर में अपराध क्रमांक 86/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 126(2), 121(1), 132, 351(2), 3 एवं 5 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों—बीरबल यादव पिता लक्ष्मण यादव, निवासी मौहारखार, थाना कोटा तथा राजा यादव पिता रामरतन यादव, निवासी ग्राम दूरपा, थाना बाराद्वार, जिला जांजगीर-चांपा—को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य दो आरोपियों की पतासाजी की जा रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। मामले की विवेचना जारी है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close