बिलासपुर…दैनिक वेतनभोगी से नियमित हुए कर्मचारियों ने अपने पेंशन प्रकरणों में सुधार की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों का कहना है कि वर्ष 1988 से पहले दैनिक वेतनभोगी के रूप में कार्य कर बाद में नियमित हुए कर्मचारियों की पेंशन की गणना उनकी दैनिक वेतनभोगी सेवा अवधि के कार्य दिवस से की जानी चाहिए, लेकिन वर्तमान पेंशन प्रकरण सॉफ्टवेयर में इसका उचित प्रावधान नहीं होने से कर्मचारियों को परेशानी हो रही है।

कर्मचारी नेताओं ने बताया कि उच्च न्यायालय, बिलासपुर ने दैनिक वेतनभोगी से नियमित हुए कर्मचारियों के पेंशन प्रकरण उनकी दैनिक वेतनभोगी सेवा के कार्य दिवस से गणना करते हुए तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उनका कहना है कि इसके बावजूद अब तक पेंशन प्रकरण सॉफ्टवेयर में आवश्यक सुधार नहीं किया गया है।

कर्मचारियों ने बताया कि वर्तमान व्यवस्था में दैनिक वेतनभोगी सेवा से नियमित हुए कर्मचारियों के पेंशन वर्ग में केवल नियमित सेवा को अंकित किए जाने से उनकी पूर्व सेवा अवधि का लाभ पेंशन गणना में नहीं मिल पा रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि सॉफ्टवेयर में ऐसा प्रावधान होना चाहिए, जिससे दैनिक वेतनभोगी के रूप में की गई पात्र सेवा को भी पेंशन गणना में शामिल किया जा सके।

कर्मचारी नेताओं ने छत्तीसगढ़ शासन वित्त विभाग, मंत्रालय, इंद्रावती भवन, अटल नगर, नवा रायपुर के 10 जनवरी 2016 के पत्र का भी हवाला दिया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (पेंशन) नियम, 1976 के संबंधित प्रावधानों के तहत अर्हतादायक सेवा को स्पष्ट किया गया है। इसी आधार पर दैनिक वेतनभोगी से नियमित हुए कर्मचारियों की पेंशन की गणना उनकी विभाग में दैनिक वेतनभोगी के रूप में की गई पात्र सेवा से करने की मांग की गई है।

ज्ञापन में संचालक पेंशन एवं भविष्य निधि, इंद्रावती भवन, रायपुर से पेंशन प्रकरण सॉफ्टवेयर में आवश्यक सुधार करने का आग्रह किया गया है। कर्मचारियों का कहना है कि इससे लंबे समय तक दैनिक वेतनभोगी के रूप में सेवा देने वाले कर्मचारियों को उनकी पात्र सेवा का लाभ मिल सकेगा और उनके पेंशन प्रकरणों का सही तरीके से निराकरण हो सकेगा।

ज्ञापन सौंपने वालों में संघ संस्थापक सलाहकार, निशक्त शासकीय कर्मचारी, जिला अध्यक्ष छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ तथा प्रदेश अध्यक्ष छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ, बिलासपुर सहित कर्मचारी प्रतिनिधि शामिल रहे।