रायपुर की पॉश कॉलोनी में चोरी से हड़कंप: आलमारी से 5.60 लाख के जेवर-नकदी पार, घरेलू सहायिकाओं पर संदेह

रायपुर/रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर इलाके की अमलीडीह स्थित ला विस्टा कॉलोनी में चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक रिहायशी बंगले के बेडरूम में रखी आलमारी से सोने के जेवर और नगदी सहित करीब 5.60 लाख रुपये की चोरी हो गई। घटना के बाद मकान मालिक ने घर में काम करने वाली दो घरेलू सहायिकाओं पर संदेह जताया है, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता पंकज चुघ रवि भवन क्षेत्र में मोबाइल स्पेयर पार्ट्स की दुकान संचालित करते हैं और अपने परिवार के साथ ला विस्टा कॉलोनी के बंगला नंबर 25 में रहते हैं। 25 अप्रैल को वे अपनी दुकान पर थे, जबकि उनकी पत्नी बाजार गई हुई थीं। उस समय घर पर अन्य परिजनों के साथ घरेलू सहायिकाएं भी मौजूद थीं।
रात में घर लौटने पर उनकी पत्नी ने आलमारी का ताला नहीं खुलने की बात कही। अगले दिन जब दोनों ने दोबारा ताला खोलने की कोशिश की, तो चाबी मुड़ी हुई मिली। काफी प्रयास के बाद जब आलमारी खुली, तो अंदर रखा सोने का सामान और नगदी गायब थी।
चोरी गए सामान में 10-10 ग्राम के दो सोने के सिक्के, 5-5 ग्राम के चार सिक्के, एक सोने की चैन और करीब 60 हजार रुपये नकद शामिल हैं। कुल नुकसान की अनुमानित कीमत करीब 5.60 लाख रुपये बताई गई है।
परिवार ने घर में मौजूद लोगों से पूछताछ की, लेकिन कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद घर में काम करने वाली दो महिलाओं—खुशी महानंद और डिगेश्वरी निषाद उर्फ माया—पर संदेह जताया गया, जो घटना के समय घर पर मौजूद थीं।
शिकायत के आधार पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।





