LIVE UPDATE
Bilaspur

मंगला में चोरी का नेटवर्क ध्वस्त: चार आरोपी गिरफ्तार, 120 CCTV खंगालकर पुलिस ने किया खुलासा

ज्वेलरी शॉप से सूने मकानों तक हाथ साफ़, मंगला के चार चोर दबोचे गए

बिलासपुर…मंगला क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर आखिरकार पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। अलग-अलग ज्वेलरी दुकानों और सूने मकानों को निशाना बनाने वाले चार युवकों को गिरफ्तार कर पुलिस ने चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात और नगदी सहित कुल साढ़े चार लाख रुपए का मशरूका बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी आजाद चौक मंगला स्थित मां ज्वेलरी शॉप सहित कुदुदण्ड, सन सिटी मंगला और मैत्री विहार कॉलोनी के सूने मकानों में शटर काटकर और ताले तोड़कर वारदात को अंजाम देते थे। 24-25 जनवरी की दरमियानी रात ज्वेलरी शॉप में हुई चोरी के बाद पुलिस ने इलाके के आगे-पीछे लगे करीब 120 सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की, जिसके बाद आरोपियों की पहचान हुई।

पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे चारों मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे और चोरी के जेवरात व नकदी को आपस में बांटकर अलग-अलग जगह छिपा देते थे। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर करीब एक किलो चांदी के जेवरात, सोने जैसे आर्टिफिशियल आभूषण और 75 हजार रुपए नकद बरामद किए। कुल बरामदगी की कीमत लगभग 4 लाख 50 हजार रुपए बताई गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में सोनू उर्फ शिवा सूर्यवंशी, राहुल सूर्यवंशी, आदित्य सूर्यवंशी और नंद कुमार केवट शामिल हैं। सभी की उम्र 19 से 20 वर्ष के बीच बताई जा रही है। चारों आरोपी मंगला क्षेत्र के ही निवासी हैं। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से इलाके में फैली दहशत के बीच पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी बेहद योजनाबद्ध तरीके से रिहायशी इलाकों और दुकानों को निशाना बना रहे थे।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close