LIVE UPDATE
Chhattisgarh

बारात लौटी, घर उजड़ा: गुस्से में पति ने तोड़ी तीन जिंदगियां

शादी की खुशियों पर हमला: पत्नी की जान गई, दो जिंदगी लड़ रहीं

सूरजपुर…(पृथ्वीलाल केशरी).. सरहरी गांव में शादी की रौनक अभी थमी भी नहीं थी कि घर पर मातम पसर गया। प्रतापपुर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने पत्नी, उसकी बहन और एक नाबालिग बच्ची पर हथौड़े से हमला कर दिया। पत्नी ने मौके पर दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है।

चार–पांच महीने से चल रहा था विवाद

परिजनों के मुताबिक आरोपी ट्रक चालक है। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से अनबन चल रही थी। महिला पिछले चार–पांच महीनों से मायके में रह रही थी। इसी बात को लेकर आरोपी नाराज बताया जा रहा है। परिवार में हाल ही में शादी का कार्यक्रम संपन्न हुआ था और बारात की वापसी के दूसरे दिन यह वारदात हुई।

गुस्से में पहुंचा, सिर पर हमला

बताया जा रहा है कि आरोपी अचानक ससुराल पहुंचा और गुस्से में पत्नी, शाली और रिश्तेदारी में आई एक नाबालिग बच्ची के सिर पर हथौड़े से वार कर दिया। हमले की तीव्रता इतनी थी कि पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। घर में चीख-पुकार मच गई और शादी का घर शोक में डूब गया।

दो जिंदगी अस्पताल में जूझ रहीं

गंभीर रूप से घायल शाली को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। नाबालिग बच्ची का उपचार अंबिकापुर के मिशन अस्पताल में जारी है। दोनों की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।

आरोपी फरार, दबिश जारी

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द गिरफ्तारी होगी। गांव में दहशत और शोक का माहौल है, जबकि पुलिस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच में जुटी है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close