LIVE UPDATE
Bilaspur

तोखन साहू के प्रयास से खुला विकास का खजाना, SECL ने 10.93 करोड़ की योजनाओं पर लगाई मुहर

लगातार पहल का नतीजा: तोखन साहू की कोशिशों से 10 करोड़ से अधिक की विकास योजनाएं मंजूर

मुंगेली /, बिलासपुर…क्षेत्र में जनसुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम सामने आया है। दक्षिण पूर्व कोलफील्ड्स लिमिटेड SECL ने करीब 10 करोड़ 93 लाख रुपये की लागत से जनहित से जुड़े 15 विकास कार्यों को स्वीकृति दी है। इन परियोजनाओं को लेकर केंद्रीय मंत्री तोखन साहू लगातार प्रयासरत रहे और उनके प्रयासों के बाद SECL ने विभिन्न क्षेत्रों में निर्माण कार्यों और सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार के लिए मंजूरी दे दी है।

स्वीकृत कार्यों में शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण बुनियादी ढांचे और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट शामिल हैं। कोयलारी में प्राथमिक शाला भवन और उच्च माध्यमिक विद्यालय भवन के निर्माण को मंजूरी दी गई है, वहीं कांतली स्थित शासकीय स्कूल परिसर में बाउंड्रीवाल निर्माण का भी प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही उसी परिसर में आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं के विकास के लिए कंप्यूटर लैब, स्मार्ट क्लास, प्रोजेक्टर और स्क्रीन, विज्ञान प्रयोगशाला, साउंड सिस्टम, फर्नीचर तथा खेल मैदान जैसी व्यवस्थाओं को विकसित करने के लिए भी बड़ी राशि स्वीकृत की गई है।

स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजनों के लिए विश्राम कक्ष निर्माण की योजना को भी मंजूरी दी गई है। दो अलग-अलग विश्राम कक्षों के लिए 50-50 लाख रुपये की राशि निर्धारित की गई है। हालांकि फिलहाल उपयुक्त स्थल उपलब्ध नहीं होने के कारण इस कार्य की प्रक्रिया आगे बढ़ने का इंतजार कर रही है।

इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई स्थानों पर सांस्कृतिक मंच और भवन निर्माण के प्रस्तावों को भी स्वीकृति मिली है। लालपुर क्षेत्र के डिंडोरी गांव में सांस्कृतिक मंच निर्माण के लिए करीब 96.60 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। मदकू द्वीप में सांस्कृतिक भवन निर्माण की योजना भी इसी श्रृंखला का हिस्सा है।

ग्रामीण अंचलों में किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सेतगंगा और सरगांव क्षेत्र में किसानों के लिए विश्राम गृह निर्माण का प्रस्ताव भी स्वीकृत किया गया है। वहीं लोर्मी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सेमी ऑटोमेटिक बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर और ड्राई मशीन उपलब्ध कराने की योजना भी स्वीकृति सूची में शामिल है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद है।

सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार के तहत हाई मास्ट लाइट स्थापना के लिए भी लगभग एक करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इसके अलावा कुछ स्थानों पर शेड निर्माण जैसे कार्यों की स्वीकृति प्रक्रिया भी जारी है।

दस्तावेज़ के अनुसार कुछ परियोजनाओं के लिए स्वीकृति आदेश जारी होने के बाद पहली किश्त भी जारी कर दी गई है और प्रशासनिक स्तर पर आगे की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। वहीं कुछ प्रस्ताव समिति की स्वीकृति और दस्तावेज़ी प्रक्रिया के कारण विचाराधीन हैं।

करीब 10.93 करोड़ रुपये की इन योजनाओं को क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण बुनियादी ढांचे से जुड़े इन कार्यों के जमीन पर उतरने के बाद स्थानीय लोगों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close