ब्लैकमेल गैंग का खौफनाक खेल… युवती ने खोया हौसला.. फांसी पर झूल गई
ब्लैकमेल की धमकियों ने छीनी 19 साल की ज़िंदगी, डिजिटल सबूतों से घिरे तीन आरोपी

नोएडा…थाना फेज-3 क्षेत्र में कथित ब्लैकमेलिंग और वीडियो-फोटो वायरल करने की धमकियों से परेशान 19 वर्षीय युवती की मौत के बाद परिवार ने तीन लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने एक युवती सहित तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, अन्य की तलाश जारी है।
परिजनों के अनुसार ग्यासी राजपूत, प्रीति सैनी और विपिन यादव युवती को आपत्तिजनक वीडियो-फोटो वायरल करने की धमकी देकर मानसिक दबाव बना रहे थे। आरोप है कि व्हाट्सऐप चैट और कॉल के जरिए डराया-धमकाया गया और रुपये ऐंठने की कोशिश भी की गई। अलग-अलग नंबरों से कॉल कर कथित तौर पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी जाती थी।
परिवार का कहना है कि लगातार दबाव और धमकियों से युवती तनाव में थी। 21 फरवरी की घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को चैट और वीडियो के स्क्रीनशॉट साक्ष्य के रूप में सौंपे हैं।
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की। एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी।





