Indian Railway Offer: त्योहारी सीजन में ट्रेन टिकट बुकिंग की भागदौड़ और भारी भीड़ से जूझ रहे यात्रियों के लिए भारतीय रेलवे ने बड़ी राहत की घोषणा की है। रेल मंत्रालय ने शनिवार को एक नई प्रायोगिक योजना पेश की है जिसके तहत यात्री राउंड ट्रिप पैकेज पर डिस्काउंट का लाभ उठा सकेंगे।

इस योजना का उद्देश्य त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ को नियंत्रित करना और यात्रियों को परेशानी मुक्त टिकट बुकिंग अनुभव प्रदान करना है।

इस नई योजना के तहत, यात्री अगर एक साथ आने और जाने दोनों दिशाओं के टिकट बुक करते हैं, तो उन्हें वापसी यात्रा के मूल किराए पर 20 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी।

Indian Railway Offer: यह ऑफर 14 अगस्त से 13 अक्टूबर की अग्रिम आरक्षण अवधि (एआरपी) में बुकिंग करने वालों के लिए लागू होगा। योजना के अनुसार, जाने की यात्रा का टिकट 13 अक्टूबर 2025 से 26 अक्टूबर 2025 के बीच की यात्रा तिथियों के लिए होना चाहिए, जबकि वापसी यात्रा का टिकट 17 नवंबर से 1 दिसंबर 2025 के बीच की यात्रा के लिए बुक किया जा सकेगा।

रेल मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि इस ऑफर का लाभ केवल उन्हीं यात्रियों को मिलेगा जो एक ही यात्री समूह के लिए समान श्रेणी में आने और जाने दोनों दिशाओं में कन्फर्म टिकट बुक करेंगे। फ्लेक्सी किराया वाली ट्रेनों को इस योजना से बाहर रखा गया है, लेकिन बाकी सभी ट्रेनों, जिसमें विशेष ट्रेनें भी शामिल हैं, पर यह ऑफर लागू होगा।

Indian Railway Offer के तहत टिकटों में कोई संशोधन या रद्दीकरण नहीं किया जा सकेगा

महत्वपूर्ण बात यह है कि इस योजना के तहत बुक किए गए टिकटों में कोई संशोधन या रद्दीकरण नहीं किया जा सकेगा और रियायती टिकट पर किसी अन्य प्रकार की छूट, रेल यात्रा कूपन, वाउचर या पास स्वीकार नहीं किए जाएंगे। टिकट बुकिंग ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से की जा सकती है, लेकिन आने और जाने की यात्रा के टिकट एक ही माध्यम से बुक करना अनिवार्य होगा।

रेलवे का मानना है कि यह योजना न केवल यात्रियों को सस्ता और आसान सफर उपलब्ध कराएगी, बल्कि त्योहारों के दौरान ट्रेनों में भीड़ को संतुलित करने में भी मदद करेगी।