टोनही बताकर प्रताड़ना का खेल खत्म: तखतपुर में दो आरोपी गिरफ्तार, सख्त कानून के तहत कार्रवाई
गाली-गलौज और मारपीट से बढ़ा मामला—जांच में सामने आई मानसिक-शारीरिक प्रताड़ना

बिलासपुर/तखतपुर…ग्रामीण क्षेत्रों में अब भी जड़ें जमाए अवैध और अमानवीय प्रथाओं के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। तखतपुर थाना क्षेत्र में एक महिला को ‘टोनही’ कहकर प्रताड़ित करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
मामला 5 अप्रैल का है, जब पीड़िता ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि घर के पास हुई एक घटना के बाद आरोपियों ने उसे गालियां दीं और मारपीट की। शुरुआती तौर पर पुलिस ने मारपीट और गाली-गलौज की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान मामला और गंभीर हो गया। पीड़िता और गवाहों के बयान में सामने आया कि आरोपियों द्वारा महिला को ‘टोनही’ कहकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। यह सामने आते ही प्रकरण में टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम 2005 की धाराएं भी जोड़ दी गईं।
जांच पूरी होते ही आरोपी देवेन्द्र बघेल और सुमित्रा बाई बघेल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने इस मामले को गंभीर मानते हुए त्वरित कार्रवाई की, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में फैली ऐसी कुप्रथाओं के खिलाफ स्पष्ट संदेश गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी प्रकार की अंधविश्वास आधारित प्रताड़ना या हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।





