डर का खेल खत्म: तलवार लेकर धमकाने वाला आरोपी आर्म्स एक्ट में गिरफ्तार
सार्वजनिक स्थल पर तलवार लहराना पड़ा महंगा, पुलिस की त्वरित कार्रवाई

बिलासपुर…थाना सीपत क्षेत्र में सार्वजनिक शांति भंग करने की कोशिश कर रहे एक बदमाश को सीपत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी खुलेआम धारदार तलवार लहराकर लोगों को डरा-धमका रहा था, जिससे इलाके में भय का माहौल बन गया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 20 जनवरी 2026 को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम झलमला के पचरी तालाब के पास सार्वजनिक स्थल पर एक व्यक्ति हाथ में तलवार लेकर आने-जाने वालों को भयभीत कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी सीपत के निर्देश पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।
आरोपी और जप्ती
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रघुरेंद्र सिदार उर्फ छोटू सिदार निवासी ग्राम झलमला, गोड़पारा, थाना सीपत के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से एक लोहे की धारदार तलवार जप्त की गई है।
आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों का प्रदर्शन कर भय फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनी रहे।





