शासकीय लेनदेन हेतु संबंधित बैंक शाखा 31 मार्च को खुले रहेंगे

उत्तर बस्तर कांकेर/ वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतिम कार्य दिवस होने से बैंकों को शासकीय संव्यवहार के लिए जिस बैंक शाखा में शासकीय लेनदेन होता है, उन्हें 31 मार्च को रात्रि 12 बजे तक खुला रखने के लिए निर्देशित किया गया है। अपर कलेक्टर कांकेर द्वारा इस संबंध में लीड बैंक मैनेजर को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष के अंतिम दिवस को किसी भी चालान जमाकर्ता द्वारा शासन के पक्ष में राशि जमा करने पर उनका लेखांकन इसी दिनांक को किया जाना आवश्यक है। इसके लिए जिले के सभी शासकीय लेनदेन वाले बैंकों को खुला रखने के लिए कहा गया है।
जनगणना निदेशालय छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार मुख्य जिला जनगणना अधिकारी निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के मार्गदर्शन में जिले में जनगणना कार्य के प्रथम चरण की तैयारियों को लेकर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ अपर कलेक्टर जितेन्द्र कुर्रे की उपस्थिति में किया गया।
मास्टर ट्रेनर्स द्वारा फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना के प्रथम चरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की जा रही हैं। जिले से चयनित 32 फील्ड ट्रेनर्स को जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स सहायक प्राध्यापक एन. आर. साव एवं डॉ. विजय कुमार रामटेके द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह प्रशिक्षण आज से प्रारंभ होकर 29 मार्च तक आयोजित किया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जनगणना के प्रथम चरण की प्रक्रिया, डेटा संकलन, प्रपत्रों का सही संधारण तथा तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है, जिससे जनगणना कार्य को सुचारू एवं प्रभावी ढंग से संपन्न किया जा सके।




