Chhattisgarh

भाई-भाई के रिश्ते का खून: जमीन विवाद में छोटे भाई ने कुल्हाड़ी से ली बड़े भाई की जान, आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। दुर्ग जिले के छावनी थाना क्षेत्र में मंगलवार रात को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां जमीन विवाद के चलते छोटे भाई ने अपने बड़े भाई की कुल्हाड़ी से वार कर निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

मामला नंदिनी रोड, सुभाष नगर का है। मृतक की पहचान महेंद्र कुमार सिंह के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका छोटा भाई राजेश सिंह उर्फ राज है। पुलिस के अनुसार, दोनों भाइयों के बीच एक संयुक्त हिस्सेदारी वाली जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।

छोटा भाई राजेश उस जमीन को बेचना चाहता था, लेकिन बड़ा भाई महेंद्र इसके लिए राजी नहीं था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच रंजिश गहराती जा रही थी।

मंगलवार, 10 जून की रात करीब 8:30 बजे, जमीन और कुछ पारिवारिक बातों को लेकर राजेश और महेंद्र के बीच तीखी बहस हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर आरोपी राजेश ने पास रखी कुल्हाड़ी उठाई और महेंद्र पर हमला कर दिया। कुल्हाड़ी के वार से महेंद्र कुमार सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही छावनी थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने रात भर की मशक्कत के बाद आरोपी राजेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

Back to top button