LIVE UPDATE
Bilaspur

खामोशी की गवाही, इंसाफ की आवाज: गुड़िया के सहारे सच बोला, उम्रकैद पर हाई कोर्ट की मुहर

खामोशी टूटी… इंसाफ बोला: गुड़िया के सहारे दी गवाही, उम्रकैद पर हाई कोर्ट की मुहर

बिलासपुर….न्याय के दरबार में इस बार आवाज नहीं, इशारों ने इतिहास लिखा। मूक-बधिर युवती के साथ दुष्कर्म के मामले में बिलासपुर हाई कोर्ट ने निचली अदालत के फैसले को सही ठहराते हुए आरोपी की उम्रकैद की सजा को बरकरार रखा। यह फैसला सिर्फ एक सजा की पुष्टि नहीं, बल्कि उस सच की जीत है जो बिना शब्दों के भी पूरी ताकत से सामने आया।

घटना उस वक्त की है जब पीड़िता घर में अकेली थी और रिश्ते की आड़ में आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। माता-पिता के लौटने पर पीड़िता ने इशारों में पूरी घटना बताई और आरोपी की पहचान की। इसी के बाद मामला दर्ज हुआ और पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू की।

ट्रायल के दौरान अदालत के सामने सबसे बड़ी चुनौती थी—एक ऐसी पीड़िता की गवाही को समझना, जो न बोल सकती थी, न सुन सकती थी। अदालत ने संवेदनशीलता दिखाते हुए एक प्रशिक्षित दुभाषिए की मदद ली। जब सवालों की जटिलता बढ़ी, तब संवाद का एक अनोखा माध्यम सामने आया—एक प्लास्टिक की गुड़िया। इसी गुड़िया के जरिए पीड़िता ने अपने साथ हुई पूरी घटना को इशारों और प्रदर्शन में बयां किया। अदालत ने हर संकेत को ध्यान से देखा, समझा और उसे साक्ष्य के रूप में स्वीकार किया।

हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच ने आरोपी की अपील को खारिज करते हुए साफ किया कि गवाही की विश्वसनीयता शब्दों पर निर्भर नहीं करती। यदि कोई व्यक्ति इशारों या प्रदर्शन के माध्यम से घटना को स्पष्ट और सुसंगत तरीके से बताता है, तो वह उतनी ही मजबूत गवाही है जितनी मौखिक। अदालत ने यह भी माना कि पीड़िता मानसिक रूप से पूरी तरह सक्षम थी और उसने घटना को समझते हुए आरोपी की सही पहचान की।

फोरेंसिक साक्ष्यों ने भी पीड़िता के बयान की पुष्टि की, जिससे मामला और पुख्ता हुआ। इन सभी आधारों पर अदालत ने आईपीसी की धारा 376 और 450 के तहत दी गई उम्रकैद की सजा को पूरी तरह सही ठहराया।

यह फैसला न्याय व्यवस्था के उस चेहरे को सामने लाता है, जहां संवेदनशीलता और सख्ती साथ-साथ चलती है। यहां अदालत ने न सिर्फ कानून को लागू किया, बल्कि यह भी साबित किया कि सच को आवाज की जरूरत नहीं होती—वह अपने रास्ते खुद बना लेता है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close