LIVE UPDATE
Chhattisgarh

Teacher Arrest News-छात्र की बेरहमी से पिटाई करने वाली शिक्षिका गिरफ्तार, मासूम के कानों को पहुंची गंभीर चोट

राजनांदगांव जिले में मारपीट करने वाली शिक्षिका को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शिक्षिका ने स्कूल के छात्र को जमकर पीटा था, जिस वजह से छात्र के दोनों कान को गंभीर क्षति पहुंची। पीड़ित छात्र की शिकायत के बाद पुलिस ने शिक्षिका को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में स्कूल की एक शिक्षिका फरार है, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।

Teacher Arrest News-राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले से शिक्षा के मंदिर को कलंकित करने वाली एक घटना सामने आई है। डोंगरगढ़ के एक नामी पब्लिक स्कूल में महज ‘किताब निकालने में देरी’ होने पर एक शिक्षिका ने सातवीं कक्षा के छात्र की इस कदर बेरहमी से पिटाई कर दी कि उसके दोनों कानों की सुनने की शक्ति पर बड़ा खतरा मंडराने लगा है।

पुलिस ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए आरोपी इंचार्ज शिक्षिका को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है, जबकि घटना में शामिल एक अन्य शिक्षिका फिलहाल फरार है। इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और शिक्षकों के व्यवहार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह पूरा मामला डोंगरगढ़ स्थित पब्लिक स्कूल का है, जहां 2 अगस्त 2025 को सार्थक सहारे नामक छात्र रोजाना की तरह स्कूल गया था। क्लास में एसएसटी (SST) की पढ़ाई चल रही थी, तभी क्लास टीचर नम्रता साहू ने सभी बच्चों को अपनी किताबें निकालने के लिए कहा।

सार्थक को बैग से किताब निकालने में कुछ ही सेकंड की देरी हुई, लेकिन यह छोटी सी बात शिक्षिका नम्रता साहू को इतनी नागवार गुजरी कि उन्होंने तत्काल स्कूल की इंचार्ज शिक्षिका प्रियंका सिंह को क्लास में बुला लिया। शिकायत मिलते ही प्रियंका सिंह ने अपना आपा खो दिया और मासूम सार्थक के दोनों कानों पर ताबड़तोड़ थप्पड़ बरसाने शुरू कर दिए।

शिक्षिका की यह पिटाई इतनी बर्बर थी कि छात्र सार्थक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। मेडिकल जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि मारपीट के कारण छात्र के कानों के आंतरिक हिस्से को गंभीर क्षति पहुंची है और उसे सुनाई देना बंद हो गया है। डॉक्टरों के काफी इलाज के बाद भी छात्र को सुनने में भारी दिक्कत हो रही है।

अपने बच्चे की ऐसी हालत देख परिजनों ने न्याय की गुहार लगाते हुए डोंगरगढ़ थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने प्राथमिक जांच और साक्ष्यों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

राजनांदगांव पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के सख्त निर्देश और मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 11 अप्रैल को आरोपी इंचार्ज शिक्षिका प्रियंका सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, इस पूरे विवाद की शुरुआत करने वाली क्लास टीचर नम्रता साहू गिरफ्तारी के डर से फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

Back to top button
close