LIVE UPDATE
india

Teacher Arrest -13 वर्षीय लड़की से बलात्कार के आरोप में पांच स्कूल शिक्षक गिरफ्तार

Teacher Arrest/केंद्रपाड़ा/ ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले में एक निजी स्कूल के पांच शिक्षकों को 13 वर्षीय लड़की के साथ कथित तौर पर बलात्कार करने के आरोप में शनिवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सातवीं कक्षा की छात्रा के पिता और जिला बाल कल्याण समिति द्वारा राजकनिका थाने में अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराने के बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आरोपी शिक्षकों ने नाबालिग के साथ बलात्कार किया।

उन्होंने बताया कि छात्रा ने जब शिक्षकों पर लंबे समय तक यौन शोषण करने का आरोप लगाया तो उसके माता-पिता ने जिला बाल कल्याण समिति से संपर्क किया।

एक अधिकारी ने बताया कि समिति ने शुरू में आरोप की जांच की और मामले को राजकनिका थाने में ले गई।

बाल कल्याण समिति की सदस्य स्वागतिका पात्रा ने कहा, ’18 फरवरी को एक शिकायत दर्ज की गई थी। 48 घंटे की लंबी जांच के बाद हमने कानूनी कार्रवाई के लिए मामला पुलिस को सौंप दिया।’

उन्होंने बताया कि समिति ने जिला शिक्षा अधिकारी को इस आरोप की अलग से जांच करने का भी निर्देश दिया है।

राजकनिका थाने के प्रभारी निरीक्षक संजय मल्लिक ने बताया, ‘दोनों शिकायतों के आधार पर विधिवत रूप से लड़की का बयान दर्ज किया गया है। आरोपियों और पीड़िता का चिकित्सा परीक्षण कराया गया है। प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपी शिक्षकों को गिरफ्तार कर लिया गया है और जांच जारी है।’

विपक्षी बीजू जनता दल (बीजद) ने केंद्रपाड़ा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) को एक ज्ञापन सौंपकर दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की।Teacher Arrest

Back to top button
close