T20 World Cup 2026 IND vs ENG SemiFinal-वानखेड़े में सेमीफाइनल का महायुद्ध, 10 साल पुराने जख्म और 39 साल पुरानी रंजिश का हिसाब करेंगे सूर्या के सूरमा!

T20 World Cup 2026 IND vs ENG SemiFinal/मुंबई। जब गुरुवार 5 मार्च को टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम की घास पर कदम रखेगी, तो मैदान में मौजूद हजारों दर्शकों और टीवी के सामने बैठे करोड़ों भारतीयों की धड़कनें तेज होंगी।
T20 World Cup 2026 IND vs ENG SemiFinal/यह मुकाबला महज एक क्रिकेट मैच नहीं, बल्कि भारत के लिए अपने घर में इतिहास बदलने और उन गहरे जख्मों पर मरहम लगाने का मौका है, जो इसी मैदान ने पिछले कुछ दशकों में भारतीय क्रिकेट को दिए हैं। डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में उतरी भारतीय टीम के लिए यह ‘करो या मरो’ की स्थिति है, जहां एक छोटी सी चूक भी करोड़ों फैंस का दिल तोड़ सकती है।
भारतीय फैंस के मन में इस समय जिस सबसे बड़े डर की लहर दौड़ रही है, उसका सीधा संबंध 10 साल पुरानी एक टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल की कड़वी याद से है। साल 2016 की वह रात आज भी कई क्रिकेट प्रेमियों की आंखों में नमी ला देती है, जब इसी वानखेड़े स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच सेमीफाइनल मुकाबला खेला गया था। तब भी टीम इंडिया अपने घर में खिताब की सबसे बड़ी दावेदार थी।
T20 World Cup 2026 IND vs ENG SemiFinal/विराट कोहली के नाबाद 89 रनों के दम पर भारत ने 195 रनों का विशाल लक्ष्य रखा था, लेकिन खराब फील्डिंग और ओस की वजह से लेंडल सिमंस और आंद्रे रसेल ने भारतीय सपनों को मलबे में तब्दील कर दिया था। 10 साल बाद फिर वही मौका है, वही मैदान है और वही टूर्नामेंट का मोड़ है—सवाल बस यही है कि क्या इस बार अंत अलग होगा?
वानखेड़े और सेमीफाइनल का रिश्ता भारतीय टीम के लिए सिर्फ 2016 तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसका एक और दर्दनाक अध्याय 39 साल पुराना है।
T20 World Cup 2026 IND vs ENG SemiFinal/1987 के वनडे वर्ल्ड कप में भी भारत मेजबान था और सेमीफाइनल मुंबई के इसी ऐतिहासिक मैदान पर खेला गया था। दिलचस्प बात यह है कि उस समय भी टीम इंडिया डिफेंडिंग चैंपियन (1983 विजेता) के रूप में उतरी थी और सामने विरोधी टीम इंग्लैंड ही थी। उस मुकाबले में इंग्लैंड ने भारत को हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया था और करोड़ों भारतीयों की उम्मीदें टूट गई थीं। आज फिर इतिहास की वही परिस्थितियां सामने खड़ी हैं—भारत मौजूदा चैंपियन है, मेजबान है और सामने वही ‘पुराना दुश्मन’ इंग्लैंड है।
T20 World Cup 2026 IND vs ENG SemiFinal/मौजूदा परिस्थितियों की बात करें तो दोनों ही टीमें इस वर्ल्ड कप में अब तक अपनी पूरी लय हासिल करने के लिए संघर्ष करती दिखी हैं। टीम इंडिया ने जीत तो दर्ज की है, लेकिन वह ‘डोमिनेंट’ प्रदर्शन जिसकी फैंस को उम्मीद थी, वह अभी बाकी है। दूसरी ओर, इंग्लैंड की टीम भी कुछ हद तक लड़खड़ाते हुए सेमीफाइनल तक पहुंची है। दोनों टीमें जानती हैं कि वानखेड़े की पिच पर पुराना इतिहास मायने नहीं रखेगा, बल्कि उस दिन जो दबाव झेलेगा, वही फाइनल का टिकट पाएगा।




