LIVE UPDATE
Chhattisgarh

कोलकाता में रायगढ़ पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक: इंटरस्टेट क्रिकेट सट्टा गिरोह ध्वस्त..5 गिरफ्तार, 9 वारंट तामील

हावड़ा में रायगढ़ पुलिस की दबिश, सटोरियो का नेटवर्क मौके पर टूटा

रायगढ़…ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए रायगढ़ पुलिस ने कोलकाता के हावड़ा स्थित एक होटल में छापा मारकर अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया। संयुक्त टीम ने पांच मुख्य सटोरियों को गिरफ्तार किया और दो अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

करोड़ों का दांव, 6.50 लाख की जब्ती

रेड के दौरान 25 मोबाइल फोन, 3 लैपटॉप, 1 टैबलेट, 1 कैलकुलेटर और नगदी समेत लगभग 6.50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त हुई। इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की शुरुआती जांच में संकेत मिले कि गिरोह पिछले एक महीने से ऑनलाइन ऐप्स के जरिए वर्ल्ड कप मैचों पर करोड़ों रुपये का दांव संचालित कर रहा था।

लंबे समय से फरार आरोपी दबोचे

गिरफ्तार आरोपियों में धर्मेंद्र शर्मा, शेख मोहम्मद शाहबाज, मोहम्मद मजहर, मोहम्मद फारूख और रोहित बुटानी शामिल हैं। अंकित सराफ और अजीत विश्वास से पूछताछ जारी है। सभी मुख्य आरोपी रायगढ़ के विभिन्न थानों में दर्ज मामलों में फरार थे और उनके खिलाफ स्थायी वारंट जारी थे। इस कार्रवाई से कुल 9 स्थायी वारंट तामील हुए।

साइबर इनपुट से ऑपरेशन सफल

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर साइबर थाना, कोतवाली और चक्रधरनगर की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन को अंजाम दिया। विश्वसनीय तकनीकी इनपुट के आधार पर टीम ने सीधी दबिश देकर पूरे नेटवर्क को एक साथ पकड़ लिया।

सख्त चेतावनी: सट्टे के कारोबार पर निर्णायक वार

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि जुआ और सट्टे के अवैध कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को छूट नहीं मिलेगी। अंतरराज्यीय नेटवर्क पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और कानून के तहत कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close