जल संसाधन विभाग की अमीन भर्ती परीक्षा हेतु विशेष निर्देश जारी, 7 दिसंबर को आयोजित होगी परीक्षा

सूरजपुर ।छत्तीसगढ़ व्यवसायिक परीक्षा मंडल द्वारा जल संसाधन विभाग के अमीन पदों के लिए 7 दिसंबर को होने वाली भर्ती परीक्षा के लिए प्रशासन ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों की संभावित उपस्थिति को ध्यान में रखते हुए परीक्षा को सुचारू, सुरक्षित और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
निर्देशों के अनुसार परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा के एक दिन पूर्व ही अपने निर्धारित परीक्षा केंद्र का अवलोकन कर लें, ताकि परीक्षा दिवस पर किसी प्रकार की असुविधा न हो। परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम दो घंटे पूर्व केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य किया गया है..। पहचान सत्यापन और फ्रिस्किंग की प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए देर से पहुंचने वालों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार सुबह 11:30 बजे बंद कर दिया जाएगा।
ड्रेस कोड को लेकर भी स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं। अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनने होंगे। काला, मैरून, जामुनी, गहरा नीला, बैंगनी सहित गहरे रंगों के कपड़े पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे। केवल बिना पॉकेट वाला साधारण स्वेटर ही स्वीकार्य होगा। धार्मिक अथवा सांस्कृतिक परिधान में उपस्थित होने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त सुरक्षा जांच से गुजरना होगा, इसलिए उन्हें समय से पहले पहुंचने की सलाह दी गई है।
परीक्षा केंद्र में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल, घड़ी, पर्स, बेल्ट, आभूषण आदि सामान ले जाना प्रतिबंधित है। अभ्यर्थी केवल नीले या काले बॉल प्वाइंट पेन के साथ ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश कर सकेंगे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि या नकल पाए जाने पर संबंधित अभ्यर्थी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई कर उसकी अभ्यर्थिता तत्काल समाप्त कर दी जाएगी। परीक्षा की सफल और निष्पक्ष आयोजन के लिए सभी विभाग सतर्क मोड में हैं। अभ्यर्थियों से अपील है कि वे सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें और समय से केंद्र पर पहुंचें।










