मंदिर से लौटते ससुर की हत्या: दामाद ने किया हॉकी स्टिक से हमला..दामाद फरार
मंदिर से लौटते ससुर की हत्या: हॉकी स्टिक से वार

हरदोई..उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। पचदेवरा थाना क्षेत्र में एक दामाद पर अपने ससुर की कथित तौर पर हॉकी स्टिक से पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप है। हमले में मृतक की बुजुर्ग बहन भी घायल हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार बताया जा रहा है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, शाहजहांपुर जिले के अल्लाहगंज इलाके के विकास नगर गंज निवासी अशोक बाबू उर्फ पिन्ने हनुमान धाम रामताल मंदिर में प्रसाद चढ़ाने गए थे। मंगलवार को वह अपनी बहन अलका के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे पचदेवरा थाना क्षेत्र के हथौड़ा गांव के पास नहर किनारे पहुंचे, आरोपी दामाद मनमोहन उर्फ मन्नू ने उन्हें रोक लिया। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले से पारिवारिक तनाव और विवाद चल रहा था। इसी दौरान कहासुनी बढ़ी और आरोपी ने कथित तौर पर हॉकी स्टिक से हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल अशोक बाबू को तत्काल फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हमले में साथ मौजूद उनकी बहन अलका को भी चोटें आईं। उनका इलाज कराया गया है और पुलिस ने उनका बयान दर्ज कर लिया है।
घटना की सूचना मिलते ही पचदेवरा पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। शाहाबाद क्षेत्र के पुलिस इंस्पेक्टर आलोक राज नारायण ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद हत्या के पीछे के कारणों की गहराई से जांच की जाएगी।
इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पारिवारिक विवादों के हिंसक रूप पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



