छोटा वजन, बड़ा जाल — चकरभाठा से पकड़ी गई हेरोइन ने खोला नशे का नेटवर्क
नशे की ‘लाइन’ पर सीधा वार, बिलासपुर में अंतर्राज्यीय हेरोइन नेटवर्क उजागर

बिलासपुर..बिलासपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। चकरभाठा थाना और accu बिलासपुर की संयुक्त कार्रवाई में तीन अंतर्राज्यीय नशा तस्करों को हिरासत में लिया गया है, जिनके कब्जे से 34 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। यह कार्रवाई नशे के संगठित नेटवर्क पर सीधा प्रहार मानी जा रही है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग इलाके में नशीला पदार्थ लेकर बिक्री के लिए घूम रहे हैं। इस इनपुट पर हिंर्री माइंस और तिलक नगर क्षेत्र में घेराबंदी की गई, जहां तीनों संदिग्धों को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके पास से हेरोइन बरामद हुई।
पूछताछ में सामने आया कि करन दीप सिंह दूसरे राज्य से नशीला पदार्थ लाकर चकरभाठा निवासी मोहित हिंदूजा को सप्लाई करता था। इसके बाद मोहित और उसका साथी आर. रजिंदर कुमार मिलकर इसे स्थानीय स्तर पर ऊंचे दामों पर बेचते थे। इस तरह एक संगठित सप्लाई चेन के जरिए नशे का कारोबार संचालित किया जा रहा था।
3 दिन में सात प्रकरण, नशे के नेटवर्क पर कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक जिलेभर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पिछले तीन दिनों में एनडीपीएस एक्ट के सात प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इन कार्रवाइयों में 1300 नशीली टैबलेट, 400 एमएल एविल इंजेक्शन और दो किलो गांजा भी जब्त किया गया है। यह आंकड़े बताते हैं कि नशे का कारोबार किस स्तर तक फैल चुका था और उसे तोड़ने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
आरोपियों का नाम,पता,ठिकाना
मोहित हिंदूजा, करन दीप सिंह और पंजाब निवासी आर. रजिंदर कुमार को वैधानिक कार्रवाई के तहत न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ यह अभियान केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे सप्लाई नेटवर्क को तोड़ने पर फोकस किया जा रहा है। साफ संदेश है कि जिले में नशे का कारोबार करने वालों के लिए कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं छोड़ा जाएगा।





