बलरामपुर..( पृथ्वी लाल केशरी)..बेटी के घर जाने के लिए निकले 53 वर्षीय सुटरूंग कौशिक ने शायद सोचा भी नहीं होगा कि महान नदी पार करते ही उनका सामना मौत से हो जाएगा। नदी पार करते समय अचानक सामने आए जंगली कबरा हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हमले में सुटरूंग की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना वन परिक्षेत्र राजपुर के उप परिक्षेत्र बरियों अंतर्गत ग्राम परसवारकला के बड़खापारा की है। मृतक सुटरूंग कौशिक पिता गोहन्दुल कौशिक परिवार से नाराज होकर शराब के नशे में बेटी के घर जाने निकले थे। बेटी के घर पहुंचने से पहले उन्हें महान नदी पार करनी थी। इसी दौरान नदी के पास अचानक जंगली हाथी सामने आ गया। हाथी ने उन पर हमला किया और उनकी जान चली गई।

हमले के बाद हाथी ग्राम रेवतपुर की ओर बढ़ते हुए जंगल की तरफ चला गया। घटना की जानकारी मिलते ही हाथियों की निगरानी में लगे वन कर्मचारी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। रात होने के कारण अगले दिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा और मर्ग की कार्रवाई की।

परिवार को तत्काल 25 हजार की मदद

घटना की जानकारी मिलते ही डीएफओ आलोक कुमार बाजपेई ने मृतक के परिवार को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। एसडीओ रवि शंकर लाल श्रीवास्तव और रेंजर अजय कुमार वर्मा ने मृतक की वैध उत्तराधिकारी पत्नी कुलेश्वरी कौशिक को 25 हजार रुपए की तत्कालिक सहायता राशि दी। शेष 5 लाख 75 हजार रुपए आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद दिए जाएंगे।

ग्रामीणों को मिल रही हाथियों की जानकारी

वन विभाग के अनुसार हाथी प्रभावित गांवों में गज संकेत ऐप और स्थानीय वाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से रोजाना हाथियों की गतिविधियों की जानकारी साझा की जा रही है। वन कर्मचारी और हाथी मित्र दल लगातार निगरानी कर रहे हैं।

विभाग ने ग्रामीणों से रात में पगडंडी रास्तों पर आवागमन से बचने, हाथियों के प्रवास वाले इलाकों में अनावश्यक भीड़ नहीं लगाने और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।