बिलासपुर….थाना सिविल लाइन पुलिस ने शुक्रवार को न्यू रिवर व्यू क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाकर खतरनाक बाइक स्टंट करने वालों और बिना नंबर वाहनों पर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस की इस सख़्ती में दो आरोपी बाइक सवारों को गिरफ्तार किया गया है, वहीं तीन बिना नंबर की मोटरसाइकिल जब्त की गई हैं।

पुलिस के अनुसार, 19 सितम्बर 2025 को चेकिंग के दौरान रितेश मोहन निवासी पत्थलगांव, जशपुर और विकास चौहान निवासी लैलूंगा, रायगढ़ अपनी-अपनी एनएक्स 400 बजाज पल्सर मोटरसाइकिल से खतरनाक स्टंट करते पकड़े गए। आरोपियों के खिलाफ धारा 281, 3(5) BNS एवं 184, 189 MV Act के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तारी की गई।

इसके अलावा, चेकिंग के दौरान तीन मोटरसाइकिल बिना नंबर प्लेट के पाई गईं, जिनके संबंध में मौके पर कोई दस्तावेज़ प्रस्तुत नहीं किया गया। इन्हें धारा 106 BNSS के तहत जब्त किया गया है।

पुलिस का कहना है कि इस तरह के खतरनाक स्टंट न केवल सवारों के बल्कि आम नागरिकों के जीवन को भी जोखिम में डालते हैं। थाना सिविल लाइन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में इस तरह की गतिविधियों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।