LIVE UPDATE
Bilaspur

धान खरीदी में हेराफेरी उजागर : अनियमितता मिलते ही प्रभारी निलंबित, अधिकारी बाहर

धान खरीदी में ‘खेल’ पड़ा भारी: प्रशासन की सख्ती, दोषियों पर सीधा एक्शन

बिलासपुर…धान खरीदी जैसे शासन के अत्यंत संवेदनशील और किसान-केंद्रित कार्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी—इस संदेश के साथ जिला प्रशासन ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर गतौरा और घुटकू धान खरीदी केंद्रों में सामने आई गंभीर अनियमितताओं पर तत्काल दंडात्मक कदम उठाए गए हैं।

संयुक्त निरीक्षण में खुली गड़बड़ी

कलेक्टर के निर्देश पर डिप्टी कमिश्नर सहकारिता सी.एस. जायसवाल के नेतृत्व में सहकारिता विभाग, खाद्य विभाग और सहकारी बैंक के संयुक्त दल ने धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान नियमों के खुले उल्लंघन सामने आए, जिन्हें प्रशासन ने गंभीरता से लिया।

गतौरा केंद्र में तौल और बारदाना में अनियमितता

मस्तूरी विकासखंड के गतौरा धान खरीदी केंद्र में तय वजन से अधिक तौल किए जाने और अपने परिचित को अवैध रूप से खाली बारदाना दिए जाने की पुष्टि हुई। जांच में दोष सिद्ध होने पर धान खरीदी प्रभारी लव कुमार यादव तथा संबंधित प्राधिकृत अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

घुटकू में रकबा हेरफेर का मामला उजागर

दूसरे प्रकरण में घुटकू धान खरीदी केंद्र में प्राधिकृत अधिकारी द्वारा फड़ प्रभारी और बारदाना प्रभारी मुकेश कुमार लोनिया से मिलीभगत कर किसानों के शेष बचे रकबे में धान खपाने का मामला सामने आया। यह कृत्य सीधे तौर पर शासन की व्यवस्था और किसानों के अधिकारों से खिलवाड़ माना गया।

तत्काल निलंबन, पद से हटाए गए अधिकारी

उपायुक्त सहकारिता ने कलेक्टर के निर्देश पर दोनों मामलों में दोषी कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है, वहीं संबंधित समितियों के प्राधिकृत अधिकारियों को पद से हटा दिया गया है।

पहले भी हो चुकी हैं सख्त कार्रवाइयां

यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले जिले के एरमशाही धान खरीदी केंद्र में एफआईआर दर्ज की जा चुकी है, जबकि गुमा, चपोरा, पिपरतराई, देवरी और पौड़ी करनकापा केंद्रों में निलंबन और धान खरीदी से पृथक करने जैसी सख्त कार्रवाई की गई थी।

पारदर्शिता पर प्रशासन की सख्त नजर

जिला प्रशासन का स्पष्ट कहना है कि किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो और खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी बनी रहे, इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। जिले में सुचारु और निष्पक्ष धान खरीदी सुनिश्चित करने प्रशासन पूरी तरह चौकस है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button