Cg news।शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने के आरोप के बाद गर्भवती हुई 21 वर्षीय युवती को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट से राहत मिली है।

जस्टिस एके प्रसाद की सिंगल बेंच ने युवती को गर्भपात कराने की अनुमति दे दी है। कोर्ट ने कहा कि दुष्कर्म के आरोप से जुड़े अनचाहे गर्भ को जारी रखने के लिए पीड़िता को मजबूर करना उसकी शारीरिक स्वायत्तता, गरिमा, निजता और प्रजनन संबंधी निर्णय लेने के अधिकार को प्रभावित करेगा।

हाईकोर्ट ने राज्य शासन और बिलासपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) को निर्देश दिया है कि युवती को एक सप्ताह के भीतर सरकारी अस्पताल में भर्ती कर चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी कराई जाए।

मामले के अनुसार, युवती ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उससे शादी करने का वादा कर शारीरिक संबंध बनाए। बाद में आरोपी ने उसे बताए बिना दूसरी महिला से शादी कर ली।

इसकी जानकारी मिलने पर युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इस पर मस्तूरी थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 376 के तहत मामला दर्ज किया गया। चिकित्सकीय जांच में युवती के गर्भवती होने की पुष्टि हुई। 5 अक्टूबर 2026 को कराई गई सोनोग्राफी में गर्भ की अवधि आठ सप्ताह बताई गई थी।

हाईकोर्ट ने 30 अक्टूबर को मेडिकल बोर्ड से युवती की जांच कराने का निर्देश दिया था। 2 नवंबर को प्राप्त रिपोर्ट में गर्भ की अवधि 12 सप्ताह बताई गई। मेडिकल बोर्ड ने युवती की स्थिति सामान्य पाई और चिकित्सकीय दृष्टि से गर्भपात के लिए उपयुक्त बताया। रिपोर्ट में कहा गया कि यह प्रक्रिया जिला अस्पताल या उससे उच्च स्तर के चिकित्सा संस्थान में कराई जा सकती है।

याचिका की सुनवाई के दौरान जस्टिस एके प्रसाद की सिंगल बेंच ने मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेग्नेंसी अधिनियम, 1971 की धारा 3 के प्रावधानों का उल्लेख किया। कोर्ट ने कहा कि दुष्कर्म के कारण गर्भ ठहरने की स्थिति में उससे होने वाली मानसिक पीड़ा को कानून गंभीर मानसिक क्षति के रूप में मान्यता देता है।

अदालत ने सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का हवाला देते हुए महिला के प्रजनन संबंधी निर्णय लेने और अपने शरीर के बारे में फैसला करने के अधिकार को भी रेखांकित किया।

हाईकोर्ट ने निर्देश दिया है कि युवती को एक सप्ताह के भीतर जिला अस्पताल, संबद्ध सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल या आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं वाले किसी अन्य सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया जाए।

गर्भपात की प्रक्रिया कम से कम दो स्त्री रोग विशेषज्ञों और एक सर्जन सहित योग्य चिकित्सकों की टीम की देखरेख में पूरी की जाएगी। इसके लिए युवती की लिखित सहमति लेना अनिवार्य होगा। मामले की विशेष परिस्थितियों को देखते हुए कोर्ट ने उसके पिता या अभिभावक की सहमति लेने का भी निर्देश दिया है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को एंबुलेंस, अस्पताल में भर्ती, चिकित्सकीय समन्वय और उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। प्रक्रिया से पहले और बाद में युवती को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। जांच और अभियोजन के लिए जरूरी भ्रूण के ऊतक तथा डीएनए नमूने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुरक्षित रखे जाएंगे।

कोर्ट ने युवती की पहचान और निजता गोपनीय रखने की भी हिदायत दी है। साथ ही, चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी होने के दो सप्ताह के भीतर अनुपालन रिपोर्ट हाईकोर्ट में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।